देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी, शेख हसीना ने भारत-बांग्लादेश सहयोग में विविधता लाने पर बातचीत की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जी20 शिखर सम्मेलन से एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के साथ द्विपक्षीय सहयोग में विविधता लाने पर बातचीत की और ‘कनेक्टिविटी (संपर्क)’ तथा वाणिज्यिक संपर्क जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
नयी दिल्ली, आठ सितंबर जी20 शिखर सम्मेलन से एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के साथ द्विपक्षीय सहयोग में विविधता लाने पर बातचीत की और ‘कनेक्टिविटी (संपर्क)’ तथा वाणिज्यिक संपर्क जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ के साथ बातचीत के बाद अपनी दूसरी द्विपक्षीय बैठक को लेकर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मोदी ने कहा कि उन्होंने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के साथ ‘‘सार्थक विचार-विमर्श’’ किया।
मोदी ने कहा, ‘‘पिछले नौ वर्षों में भारत-बांग्लादेश संबंधों में प्रगति बहुत सुखद रही है। कनेक्टिविटी, वाणिज्यिक जुड़ाव समेत अन्य मुद्दों पर हमारी बातचीत हुई।’’
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत-बांग्लादेश द्विपक्षीय सहयोग में विविधता लाने पर प्रधानमंत्री शेख हसीना के साथ सार्थक बातचीत की। वे कनेक्टिविटी, संस्कृति, लोगों के आपसी संपर्क सहित कई क्षेत्रों में संबंधों को मजबूत करने पर सहमत हुए।’’
मोदी अगले दो दिन में करीब 15 द्विपक्षीय बैठकें करने वाले हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व में कहा था, ‘‘मैं दोस्ती और सहयोग के बंधन को और गहरा करने के लिए कई नेताओं और प्रतिनिधिमंडल के प्रमुखों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करूंगा।’’
मोदी और हसीना के बीच यह मुलाकात जी-20 बैठक से एक दिन पहले हुई है। जी20 नेता यहां नौ और 10 सितंबर को समूह के वार्षिक शिखर सम्मेलन में महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। भारत वर्तमान जी20 अध्यक्ष के रूप में शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।
जी20 अध्यक्ष के रूप में भारत समावेशी विकास, डिजिटल नवाचार, जलवायु लचीलापन और न्यायसंगत वैश्विक स्वास्थ्य पहुंच जैसे विभिन्न मुद्दों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)