देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी ने अफ्रीकी संघ के लिए जी20 सदस्यता का प्रस्ताव रखा

नयी दिल्ली, 17 जून प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जी-20 देशों के नेताओं को पत्र लिखकर भारत में होने वाले अपने आगामी शिखर सम्मेलन में अफ्रीकी संघ को समूह की पूर्ण सदस्यता देने का प्रस्ताव रखा है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अफ्रीका की आवाज को बुलंद करने और ‘हमारी साझा दुनिया’ के भविष्य को आकार देने के लिए एक ‘साहसिक कदम’ उठाया है।

एक सूत्र ने कहा, ‘‘उन्होंने जी20 में अपने समकक्षों को पत्र लिखकर यह प्रस्ताव रखा है कि अफ्रीकी संघ को जी20 के आगामी दिल्ली शिखर सम्मेलन में पूर्ण सदस्यता दी जाए, जैसा कि उनके द्वारा अनुरोध किया गया है।’’

सूत्रों के अनुसार, ‘‘प्रधानमंत्री ने इस मामले में आगे बढ़कर नेतृत्व किया है, जिसकी वह पुरजोर वकालत और समर्थन करते हैं।’’

भारत की जी20 की अध्यक्षता के दौरान मोदी विशेष रूप से जी20 एजेंडे में अफ्रीकी देशों की प्राथमिकताओं को शामिल करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)