रांची, 27 जून झारखंड की राजधानी रांची और बिहार की राजधानी पटना के बीच संपर्क बढ़ाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रधानमंत्री ने रांची-पटना वंदे भारत सहित पांच वंदे भारत ट्रेनों को भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें से दो ट्रेनों को उन्होंने प्रत्यक्ष तरीके से और तीन को वर्चुअल तरीके से हरी झंडी दिखाई।
रांची और पटना के बीच 28 जून से वंदे भारत ट्रेन का नियमित परिचालन प्रारंभ हो जाएगा।
आज के कार्यक्रम में रांची रेलवे स्टेशन पर राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, केन्द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के अलावा अन्य अधिकारी एवं नेता उपस्थित थे।
झारखंड के राज्यपाल राधाकृष्णन ने कहा कि वंदे भारत ट्रेन भारत की प्रौद्योगिकी के उन्नयन में मील का पत्थर है।
उन्होंने कहा, ‘‘वंदे भारत ट्रेनें देश के विकास का इंजन बनेंगी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज जिस प्रकार पांच वंदे भारत ट्रेनें एक साथ देश के विभिन्न भागों में चलायी गयी हैं यह देश की आधारभूत संरचना में तेजी से हो रहे विकास का द्योतक है।’’
दक्षिण पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आदित्य चौधरी ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि रांची से रवाना हुई ट्रेन में करीब 180 स्कूली छात्र और कई गणमान्य लोग सफर कर रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY