नयी दिल्ली, दो अगस्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने घटक दलों के बीच समन्वय बढ़ाने और 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ गठबंधन की रणनीति को आकार देने के प्रयासों के तहत बुधवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सांसदों को संबोधित किया।
मोदी ने पहले उत्तर प्रदेश के मध्य और पूर्वी क्षेत्रों के 45 से अधिक सांसदों की एक बैठक को संबोधित किया और फिर दक्षिणी राज्यों के सांसदों के एक अन्य समूह से बात की।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजग सांसदों को अलग-अलग क्षेत्रों के 11 समूहों में बांटा है और उम्मीद है कि प्रधानमंत्री उन सभी को संबोधित करेंगे।
उन्होंने सोमवार को दो समूहों के सांसदों से बात की थी। पहले समूह में उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रों के सांसदों ने भाग लिया, जबकि दूसरे में पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड के सांसदों ने भाग लिया। ये बैठकें बंद कमरे में हुईं।
मोदी ने सोमवार को इस बात पर प्रकाश डाला था कि कैसे भाजपा के नेतृत्व वाले राजग ने अपने 25 वर्षों से अधिक के अस्तित्व में समावेशिता और विकास का एजेंडा तैयार किया है।
उन्होंने देश के विकास को ऊपर उठाने और समाज के सभी वर्गों को सकारात्मक रूप से प्रभावित करने के लिए अपनी सरकार की विभिन्न पहलों के बारे में बात की।
मोदी ने सोमवार को अपने संबोधन में विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ की आलोचना करते हुए कहा था कि इसने अपना नाम संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) से बदलकर ‘इंडिया’ कर लिया है, लेकिन यह भ्रष्टाचार और कुशासन के अपने पापों को नहीं धो सकता।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY