देश की खबरें | प्रधानमंत्री ने स्वच्छता के क्षेत्र में अमूल्य योगदान के लिए बिंदेश्वर पाठक की सराहना की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छता पर महात्मा गांधी के विचारों का संस्थागत समाधान देने में ‘‘बड़ा योगदान’’ देने के लिए ‘सुलभ इंटरनेशनल’ के संस्थापक बिंदेश्वर पाठक की रविवार को सराहना की। सामाजिक कार्यकर्ता पाठक का पिछले मंगलवार को यहां एम्स में दिल का दौरा पड़ने के कारण निधन हो गया था। वह 80 साल के थे। उन्होंने देश में सार्वजनिक शौचालय बनाने के लिए काफी काम किया था।

नयी दिल्ली, 20 अगस्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छता पर महात्मा गांधी के विचारों का संस्थागत समाधान देने में ‘‘बड़ा योगदान’’ देने के लिए ‘सुलभ इंटरनेशनल’ के संस्थापक बिंदेश्वर पाठक की रविवार को सराहना की। सामाजिक कार्यकर्ता पाठक का पिछले मंगलवार को यहां एम्स में दिल का दौरा पड़ने के कारण निधन हो गया था। वह 80 साल के थे। उन्होंने देश में सार्वजनिक शौचालय बनाने के लिए काफी काम किया था।

मोदी ने पाठक पर एक हिंदी दैनिक में लिखे लेख में कहा कि वह स्वच्छता को लेकर पाठक का जज्बा तब से देखते रहे हैं जब वह गुजरात में थे।

प्रधानमंत्री ने कहा, “15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के बीच इस खबर को आत्मसात कर पाना मेरे लिए बहुत मुश्किल था कि बिंदेश्वर जी हमारे बीच नहीं रहे। सहज, सरल, विनम्र व्यक्तित्व के धनी सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक बिंदेश्वर जी का जाना एक अपूरणीय क्षति है।”

उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को पाठक के जीवन से श्रम की गरिमा सीखनी चाहिए।

प्रधानमंत्री ने ‘अमर उजाला’ में लिखे लेख में कहा, “उनके लिए कोई काम छोटा न था और न ही उनके लिए कोई व्यक्ति छोटा था। साफ-स‍फाई के काम में जुटे हमारे भाई-बहनों को गरिमामय जीवन दिलाने के लिए उनके प्रयास की दुनिया भर में प्रशंसा हुई है। मुझे याद है कि जब मैंने साफ-सफाई करने वाले भाई-बहनों के पैर धोए थे तो बिंदेश्वर जी इतना भावुक हो गए थे कि उन्होंने मुझसे काफी देर तक उस प्रसंग की चर्चा की थी।”

मोदी ने कहा, “मुझे संतोष है कि स्वच्छ भारत अभियान आज गरीबों के लिए गरिमामय जीवन का प्रतीक बन गया है। ऐसी भी रिपोर्ट हैं, जिनसे यह साबित हुआ है कि स्वच्छ भारत अभियान के कारण आम लोगों को गंदगी से होने वाली बीमारियों से मुक्ति मिल रही है और स्वस्थ जीवन के रास्ते खुल रहे हैं।”

प्रधानमंत्री ने रेखांकित किया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी कहा है कि स्वच्छ भारत मिशन की वजह से तीन लाख लोगों की मृत्यु होने से रुकी है।

उन्होंने कहा, “इतना ही नहीं, यूनिसेफ ने यह तक कहा है कि स्वच्छ भारत मिशन की वजह से गरीबों के हर साल 50 हजार रुपये तक बच रहे हैं। अगर स्वच्छ भारत मिशन नहीं होता, तो इतने ही रुपये गरीबों को गंदगी से होने वाली बीमारियों के इलाज में खर्च करने पड़ते। स्वच्छ भारत मिशन को इस ऊंचाई पर पहुंचाने के लिए बिंदेश्वर जी का मार्गदर्शन बहुत ही उपयोगी रहा।”

मोदी ने कहा, “स्वच्छ भारत से स्वस्थ भारत, स्वस्थ भारत से समरस भारत, समरस भारत से सशक्त भारत, सशक्त भारत से समृद्ध भारत की यह यात्रा, अमृतकाल की सबसे जीवंत यात्रा होगी। हां, इस यात्रा में मुझे बिंदेश्वर जी की कमी महसूस होगी। उन्हें एक बार फिर विनम्र श्रद्धांजलि।”

अपना लेख सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर साझा करते हुए मोदी ने कहा, “यह मेरा सौभाग्य रहा है कि स्वच्छता के क्षेत्र में अमूल्य योगदान देने वाले डॉ. बिंदेश्वर पाठक के जीवन और मिशन को मुझे बहुत करीब से जानने का अवसर मिला।”

‘सुलभ इंटरनेशनल’ एक सामाजिक सेवा संगठन है जो मानव अधिकारों, पर्यावरण स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन तथा शिक्षा के माध्यम से सुधारों को बढ़ावा देने के लिए काम करता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

GT vs MI, IPL 2026 30th Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा गुजरात टाइटंस बनाम मुंबई इंडियंस के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

PBKS vs LSG, IPL 2026 29th Match Scorecard: चंडीगढ़ मुकाबले में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रनों दी पटखनी, लगाया जीत का पंजा; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

Will MS Dhoni Play in MI vs CSK IPL 2026 Match: मुंबई इंडियंस बनाम चेन्नई सुपरकिंग्स के मुकाबले से पहले बड़ी खबर, क्या आईपीएल 2026 में वापसी करेंगे एमएस धोनी? फिटनेस को लेकर आया अपडेट

Manipur Tension: मणिपुर में फिर बढ़ा तनाव, उखरुल में पूर्व सैनिक समेत दो की हत्या से हालात बिगड़े; संदिग्ध उग्रवादियों पर FIR दर्ज