देश की खबरें | प्रधानमंत्री ने जम्मू कश्मीर में 20 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जम्मू कश्मीर में 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें बनिहाल-काजीगुंड सड़क सुरंग (टनल) को खोलना भी शामिल है, जो केंद्रशासित प्रदेश के दोनों क्षेत्रों के बीच बारहमासी संपर्क की सुविधा प्रदान करेगी।

पल्ली (सांबा), 24 अप्रैल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जम्मू कश्मीर में 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें बनिहाल-काजीगुंड सड़क सुरंग (टनल) को खोलना भी शामिल है, जो केंद्रशासित प्रदेश के दोनों क्षेत्रों के बीच बारहमासी संपर्क की सुविधा प्रदान करेगी।

सांबा के पल्ली ग्राम पंचायत में पंचायती राज दिवस पर आयोजित समारोह में मोदी ने कहा कि केंद्रशासित प्रदेश के चौतरफा विकास के जरिये जम्मू कश्मीर के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

अनुच्छेद 370 के ज्यादातर प्रावधानों को 5 अगस्त 2019 को निरस्त कर दिये जाने के बाद जम्मू कश्मीर का प्रधानमंत्री का यह पहला दौरा है।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आज 20 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास हुआ है। यह जम्मू-कश्मीर के विकास को नई गति देगा।’’

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में पिछले सात दशकों में हुए 17 हजार करोड़ रुपये के निवेश के मुकाबले पिछले दो सालों के भीतर 38 हजार करोड़ रुपये का निजी क्षेत्र का निवेश हुआ है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता को सशक्त बनाने वाले केंद्रीय कानूनों को जम्मू कश्मीर में सालों तक लागू नहीं किया गया, लेकिन मौजूदा सरकार ने इन कानूनों को अब लागू कर दिया है।

प्रधानमंत्री ने बनिहाल-काजीगुंड सड़क सुरंग का उद्घाटन किया। 8.45 किलोमीटर लंबी इस सुरंग से बनिहाल और काजीगुंड के बीच सड़क मार्ग की दूरी 16 किलोमीटर तक कम हो जाएगी, जिससे इनके बीच यात्रा समय करीब डेढ़ घंटे तक कम हो जायेगा।

प्रधानमंत्री ने दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे से जुड़े तीन सड़क पैकेज का शिलान्यास किया, जिसे 7500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया जा रहा है।

इसके अलावा, मोदी ने देश के प्रत्येक जिले में 75 जलाशयों के विकास और कायाकल्प के लिए ‘‘अमृत सरोवर’’ पहल का भी शुरूआत की।

अन्य परियोजानाओं के तहत मोदी ने 850 मेगावाट की रतले और क्वार जलविद्युत परियोजना का शिलान्यास किया, जिसे चिनाब नदी पर 5300 करोड़ की लगात से किश्तवाड़ में बनाया जाना है। 540 मेगावाट की क्वार पनबिजली परियोजना को भी चिनाब नदी पर ही 4500 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाना है।

जम्मू-कश्मीर में ‘जन औषधि केंद्र’ के विस्तार और लोगों को अच्छी गुणवत्ता की जेनरिक दवाएं किफायती दर पर उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री ने ऐसे 100 केंद्रों का उद्घाटन किया। ये केंद्र, केंद्रशासित प्रदेश के दूरदराज के इलाकों में स्थित हैं।

प्रधानमंत्री ने लाभार्थियों को योजना के तहत स्वामित्व कार्ड उपलब्ध कराया। सर्वे ऑफ विलेज एंड मैपिंग विद इम्प्रोवाइज्ड टेक्नोलॉजी इन विलेज एरिया (स्वामित्व) कार्ड ग्रामीणों को संपत्ति पर स्वामित्व का दस्तावेज आधारित प्रमाण प्रदान करेगा।

इस कार्ड का इस्तेमाल जरूरत पड़ने पर वित्तीय लाभ उठाने के लिए किया जा सकेगा।

प्रधानमंत्री ने देश के 31 राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों की 322 पुरस्कृत पंचायतों के बैंक खाते में 44.7 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि का अंतरण डिजिटल माध्यम से किया।

विभिन्न श्रेणियों में दी गई यह पुरस्कार राशि पांच लाख रुपये से लेकर 50 लाख रुपये तक की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\