एजेंसी न्यूज

राजस्थान में प्लाज्मा थैरेपी और टेलीमेडिसिन की सुविधा सोमवार से : गहलोत

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना को चुनौती के रूप में स्वीकार करते हुए राजस्थान अपने स्वास्थ्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को इस तरह मजबूत बना रहा है कि भविष्य में किसी भी संकट का सफलतापूर्वक सामना किया जा सके ।

राजस्थान में प्लाज्मा थैरेपी और टेलीमेडिसिन की सुविधा सोमवार से : गहलोत
जमात

जयपुर, तीन मई राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को कहा कि राज्य में सोमवार से कोरोना के गंभीर रोगियों का प्लाज्मा थेरेपी तथा गैर कोविड रोगियों का टेलीमेडीसीन के माध्यम से उपचार प्रारंभ हो जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना को चुनौती के रूप में स्वीकार करते हुए राजस्थान अपने स्वास्थ्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को इस तरह मजबूत बना रहा है कि भविष्य में किसी भी संकट का सफलतापूर्वक सामना किया जा सके ।

गहलोत ने रविवार को वीडियो काॅन्फ्रेंस के जरिये संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद ने एसएमएस अस्पताल को प्लाज्मा थेरेपी से उपचार के लिए इजाजत दे दी है।

उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण किसी भी गैर कोविड मरीज को उपचार के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़े इसके लिए सोमवार से चरणबद्ध रूप से एक वेब पोर्टल के जरिए टेलीकन्सल्टेन्सी सेवा की शुरूआत होगी।

उन्होंने बताया कि पहले चरण में 30 चिकित्सकों के माध्यम से रोगियों को परामर्श दिया जाएगा और इसके लिए एक मोबाइल ऐप भी तैयार की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गैर कोरोना रोगियों के लिए हमने 428 मोबाइल ओपीडी वैन चलाई थी, जिनमें अब तक करीब 1 लाख 60 हजार रोगियों ने सेवाएं ली हैं।

उन्होंने कहा कि पहले राज्य में कोरोना रोगियों के लिए जांच सुविधा नहीं थी। हमें सैम्पल बाहर भेजने पड़ते थे, लेकिन अब प्रदेश में 10 हजार जांच प्रतिदिन हो रही हैं और हमारा लक्ष्य इसे 25 हजार प्रतिदिन करना है। उन्होंने कहा कि हमने अमेरिका से कोबास कम्पनी की दो मशीनें मंगवाई हैं, जो एक साथ चार हजार टेस्ट कर सकती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते करीब 2 माह में राज्य सरकार के राजस्व में करीब 10 हजार करोड़ रूपए की कमी आई है। बेहतर वित्तीय प्रबंधन के लिए हमने एक अध्ययन करवाया था, जिसकी रिपोर्ट आ गई है और उसके आधार पर आगे निर्णय लेेंगे।

उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण लंबे समय तक आर्थिक गतिविधियों के बंद रहने से राज्यों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है और ऐसे में केन्द्र को बड़ा आर्थिक प्रोत्साहन पैकेज देना चाहिए।

उन्होंने कहा, 'राज्य सरकार ने कोरोना की जंग को लेकर जो प्रयास किए हैं, उनकी सराहना पूरे देश में हो रही है । मैंने कभी भी इसका श्रेय लेने का प्रयास नहीं किया बल्कि सभी प्रदेशवासियों को इसका श्रेय दे रहे हैं।

गहलोत ने कहा कि अब तक करीब 15 लाख श्रमिकों एवं प्रवासियों ने आवागमन के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया है। राज्य सरकार लगातार प्रवासियों एवं श्रमिकों के सकुशल आवागमन के लिए प्रयासरत है और अब तक करीब एक लाख प्रवासी राजस्थान आ चुके हैं और करीब 60 हजार श्रमिक अन्य राज्यों में जा चुके हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 03, 2020 09:59 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).