गुवाहाटी, 10 सितंबर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को कहा कि प्रदेश में चल रहे व्यापक पौधारोपण अभियान से हरित क्षेत्र बढ़ाने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में काफी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ‘अमृत वृक्ष आंदोलन’ के तहत इस साल राज्यभर में एक करोड़ पौधे लगाए जाएंगे और अगले साल तीन करोड़ पौधे लगाए जाने हैं।
पौधा वितरण स्थल पर शर्मा ने संवाददाओं से कहा कि 2024 में इस अभियान का विस्तार किया जाएगा और तीन करोड़ पौधे लगाए जाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि गैर-वन क्षेत्रों में पौधे लगाए जा रहे हैं तो इससे हरित क्षेत्र बढ़ाने में मदद मिलेगी। साथ ही हम व्यावसायिक मूल्य वाले पेड़ों के पौधे भी वितरित कर रहे हैं। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।’’
शर्मा ने कहा कि इस व्यापक पौधारोपण अभियान के दौरान नौ विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने का प्रयास भी सही दिशा में चल रहा है।
पौधरोपण के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के पहले कार्यक्रम के तहत असम के पर्यावरण एवं वन मंत्री चंद्रमोहन पटवारी ने शनिवार को 3.5 लाख पौधों की 22 किलोमीटर लंबी पंक्ति बनाने की शुरुआत की थी।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आज पौधे वितरित किए गए और इसके माध्यम से हम एक ही स्थान पर सबसे अधिक पौधे वितरित करने का रिकॉर्ड बनाने का प्रयास कर रहे हैं।’’
यह अभियान 17 सितंबर को राज्यभर में एक करोड़ पौधे लगाने के साथ समाप्त होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY