देश की खबरें | दो साल तक एक ही स्थान पर चलाया गया पौधरोपण अभियान: असम विधानसभा में भाजपा विधायक

गुवाहाटी, 14 सितंबर असम में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में दावा किया कि राज्य वन विभाग ने लगातार दो वर्षों तक एक क्षेत्र में ही पौधरोपण अभियान चलाया और आरोप लगाया कि पहले वर्ष में ‘‘एक भी पौधा’’ वहां नहीं बचा।

भाजपा विधायक अतुल बोरा ने प्रश्नकाल के दौरान मामला उठाते हुए कहा कि पिछले साल तत्कालीन वन मंत्री परिमल शुक्लाबैद्य ने वन महोत्सव के दौरान उनके दिसपुर निर्वाचन क्षेत्र के सोनापुर इलाके में आठ लाख रुपये के पौधे लगवाए थे।

उन्होंने यह भी कहा कि शुक्लाबैद्य के बाद वन विभाग का कार्यभार संभालने वाले चंद्र मोहन पटवारी ने उसी कार्यक्रम के दौरान उसी स्थान पर फिर से पौधरोपण अभियान चलाया और दावा किया कि पिछले वर्ष कोई भी पौधा वहां नहीं बचा था।

वन मंत्री पटवारी ने कहा कि यह सही नहीं है। उन्होंने कहा कि इस साल विभिन्न क्षेत्रों में पौधरोपण अभियान चलाया गया जो उस स्थान के नजदीक हैं जहां पिछली बार ऐसी कवायद की गई थी।

मंत्री ने यह भी कहा कि पिछले साल पौधरोपण अभियान उस स्थान के एक ओर चलाया गया था और इस साल, यह दूसरी तरफ किया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ पौधे बच गए। मंत्री ने कहा कि पौधों की खरीद के लिए किसी अन्य योजना के तहत कोई पैसा खर्च नहीं किया गया, और वन महोत्सव कार्यक्रम के तहत खर्च किया गया था।

जवाब से असहमति जताते हुए बोरा ने कहा कि वन विभाग की नर्सरी में पौधे तैयार करने में करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं और यह कहना गलत होगा कि पौधों पर खर्च नहीं किया जाता है। भाजपा विधायक ने यह भी दावा किया कि सोनपुर क्षेत्र में सीमेंट कारखानों के भारी वाहनों की आवाजाही के कारण प्राकृतिक जलाशयों का अतिक्रमण हो रहा है और सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)