देश की खबरें | महाराष्ट्र में लंपी रोग पर एसओपी के लिए जनहित याचिका दायर

मुंबई, 10 अक्टूबर बंबई उच्च न्यायालय में सोमवार को एक जनहित याचिका दायर कर अनुरोध किया गया कि मवेशियों में लंपी त्वचा रोग के बढ़ते मामलों से निपटने के लिए महाराष्ट्र सरकार को मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी करने का निर्देश दिया जाए।

स्वाभिमान शेतकारी संघ के संस्थापक राजू शेट्टी की ओर से दायर की गयी याचिका में दावा किया गया है कि लंपी त्वचा रोग के मामले बढ़ रहे हैं, लेकिन राज्य सरकार इस मुद्दे पर ‘सर्कुलर’ जारी करने के अलावा कुछ नहीं कर रही है।

इस जनहित याचिका में कहा गया है कि सरकार को जानवरों में संक्रामक रोगों की रोकथाम और नियंत्रण अधिनियम के तहत कदम उठाने चाहिए।

जनहित याचिका के अनुसार, किसानों को सरकार से आर्थिक सहायता की आवश्यकता होगी क्योंकि हालिया भारी बारिश के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और अब उनके मवेशियों को लंपी त्वचा रोग होने का खतरा है।

राजू शेट्टी की जनहित याचिका में लंपी त्वचा रोग के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए मवेशियों के सामूहिक टीकाकरण और मवेशियों के मरने पर उनके मालिक को 1.5 लाख रुपये की दर से मुआवजे की मांग की गई है।

न्यायमूर्ति एस. वी. गंगापुरवाला की अध्यक्षता वाली खंडपीठ के इस जनहित याचिका पर इसी सप्ताह सुनवाई करने की संभावना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)