विदेश की खबरें | कोरोना के प्रसार को लेकर पाक में अमेरिका के खिलाफ 20 अरब डॉलर की भरपाई के लिए याचिका दायर

लाहौर, नौ जुलाई पाकिस्तान में कोरोना वायरस से संक्रमित एक व्यक्ति द्वारा दायर 20 अरब डॉलर की भरपाई संबंधी याचिका पर यहां की एक अदालत ने इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास, लाहौर में अमेरिकी महावाणिज्य दूत और विदेश मंत्रालय को नोटिस जारी किया है।

लाहौर निवासी रज़ा अली ने बुधवार को अधिवक्ता सैयद जिले हुसैन के जरिए याचिका दायर की।

यह भी पढ़े | वैज्ञानिकों ने खोजा कोविड-19 से जुड़ी गंभीर बीमारियों से बच्चों के बचे रहने का राज.

लाहौर की एक अदालत में दायर याचिका में आरोप लगाया गया है कि कोरोना वायरस के कारण उन्हें और पाकिस्तान को हुए नुकसान के लिए अमेरिका जिम्मेदार है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि इस महामारी के प्रसार के पीछे अमेरिका है।

न्यायाधीश कामरान करामात ने अमेरिकी दूतावास, अमेरिकी महावाणिज्य दूत, अमेरिकी रक्षा मंत्री (महावाणिज्य दूत के जरिए) और विदेश मंत्रालय को नोटिस जारी कर सात अगस्त तक जवाब मांगा।

यह भी पढ़े | मुस्लिम महिला ने अपने कप पर ISIS लिखे जाने पर Starbucks के खिलाफ किया केस, लगाया भेदभाव का आरोप.

याचिकाकर्ता ने कहा कि उनके परिवार के सदस्य भी इस वायरस से संक्रमित हैं और उनका स्वास्थ्य इतना खराब हो चुका है कि वे कभी भी स्वस्थ जीवन नहीं जी सकेंगे।

याचिका में कहा गया है कि अमेरिका में कोविड-19 के अनियंत्रित प्रसार के कारण पाकिस्तान सहित पूरी दुनिया में यह महामारी फैली।

याचिका में आरोप लगाया गया है कि मौजूदा अमेरिकी प्रशासन कोरोना वायरस के खिलाफ वैश्विक अभियान के लिए बाधा पैदा कर रहा है।

याचिकाकर्ता ने अदालत से यह व्यवस्था देने का आग्रह किया कि कोविड-19 अमेरिका के कारण फैला। याचिका में उनके लिए 20 अरब डॉलर की वसूली का आदेश जारी करने का भी अनुरोध किया गया है।

मामले में अगली सुनवाई सात अगस्त को होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)