देश की खबरें | गुरुग्राम में व्यक्ति से लूटपाट, बदमाशों ने गुप्तांग पर चाकू से वार किया

गुरुग्राम, 13 अगस्त हरियाणा के गुरुग्राम में नकाबपोश बदमाशों ने काम पर जा रहे एक व्यक्ति से लूटपाट की और उसके गुप्तांगों पर चाकू से वार कर फरार हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार रात को करीब 11 बजे हुई और पीड़ित खांडसा गांव के पास एक निजी कंपनी में प्रेस ऑपरेटर है।

बिहार के मूल निवासी 32 वर्षीय व्यक्ति ने सेक्टर-37 पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि मोहम्मदपुर रोड पर एक ‘गोशाला’ के पास तीन से चार नकाबपोश बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया।

पीड़ित ने बताया, ‘‘बदमाशों ने मुझसे रुपयों की मांग की और जब मैंने इनकार किया तो उन्होंने मेरी जेब में हाथ डाला और रुपये निकाल लिए।’’

पीड़ित ने कहा, ‘‘जब मैं खुद को बचाने के लिए उनसे दूर भागने लगा, तो उनमें से दो ने मुझे पकड़ लिया और दो अन्य सामने से आ गए। बदमाशों ने मेरे गुप्तांग पर चाकू से वार कर दिया।’’

पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में अज्ञात लोगों के खिलाफ शनिवार को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 326 (जानबूझकर खतरनाक हथियारों से गंभीर चोट पहुंचाना), 379-बी (बलपूर्वक छीनना) और 34 (सामान्य इरादा) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।

थाना प्रभारी अमन कुमार ने कहा, ‘‘हम आसपास के इलाकों में सीसीटीवी कैमरों में कैद फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)