देश की खबरें | नए आपराधिक कानूनों के कुशल कार्यान्वयन के लिए प्रदर्शन रैंकिंग: फडणवीस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार नये आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और त्वरित अभियोजन सुनिश्चित करने के लिए विभागीय प्रदर्शन रैंकिंग शुरू करेगी।
मुंबई, दो जुलाई महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार नये आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और त्वरित अभियोजन सुनिश्चित करने के लिए विभागीय प्रदर्शन रैंकिंग शुरू करेगी।
फडणवीस ने भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के कार्यान्वयन पर एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
फडणवीस ने कहा कि सरकार कानूनों को लागू करने के लिए केंद्र के दिशा-निर्देशों के आधार पर आवश्यक अधिसूचनाएं और आदेश जारी करेगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा, ‘‘नए आपराधिक कानूनों के कुशल कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए, विभागीय प्रदर्शन रैंकिंग शुरू की जाएगी।"
फडणवीस ने फॉरेंसिक और मेडिकल विभागों को सबूतों की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि दोषसिद्धि में मदद मिल सके। उन्होंने कहा, "हर जिले में फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई जा रही हैं और आवश्यक कर्मी तैनात किए गए हैं। अगर और अधिक कर्मियों की जरूरत है, तो प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाने चाहिए।"
फडणवीस ने पुलिस अधिकारियों के नियमित और व्यवस्थित प्रशिक्षण का भी आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने दोषसिद्धि दरों में सुधार के लिए ई-कोर्ट प्लेटफॉर्म को मजबूत किए जाने के साथ ई-साक्ष्य ऐप और सीसीटीएनएस (अपराध एवं अपराधी ट्रैकिंग नेटवर्क एवं सिस्टम) जैसे डिजिटल उपकरणों के उपयोग को बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि नागरिकों को ऑनलाइन एफआईआर सिस्टम के माध्यम से आसानी से शिकायत दर्ज करने में सक्षम होना चाहिए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 02, 2025 08:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

