देश की खबरें | 2024 हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा-जजपा को सत्ता से बाहर करेगी जनता : दीपेंद्र हुड्डा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने रविवार को दावा किया कि जनता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-जननायक जनता पार्टी (जजपा) सरकार के कथित कुशासन से तंग आ चुकी है और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में उसे सत्ता से बाहर करने के लिए वोट करेगी।
कुरुक्षेत्र, 31 दिसंबर कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने रविवार को दावा किया कि जनता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-जननायक जनता पार्टी (जजपा) सरकार के कथित कुशासन से तंग आ चुकी है और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में उसे सत्ता से बाहर करने के लिए वोट करेगी।
हुड्डा ने कहा, ''नया साल राज्य में बदलाव लेकर आएगा क्योंकि 2024 में भाजपा-जजपा की सरकार जाएगी और कांग्रेस सरकार सत्ता में आएगी।''
हुड्डा यहां लाडवा में प्रदेश कांग्रेस द्वारा आयोजित 'जन आक्रोश' रैली के दौरान एक सभा को संबोधित कर रहे थे।
राज्यसभा सांसद ने आरोप लगाया कि लोग भाजपा-जजपा शासन के कथित कुशासन से तंग आ चुके हैं। उन्होंने कहा, ''सरकार ने अपने जनविरोधी फैसलों के खिलाफ विभिन्न आंदोलनों को दबाने के लिए बल का प्रयोग किया और किसानों, मजदूरों, मनरेगा श्रमिकों, सरपंचों, चौकीदारों, सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज करवाया।''
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मौजूदा वक्त में हरियाणा में विभिन्न क्षेत्रों में भ्रष्टाचार फैला हुआ है।
उन्होंने कहा, ''जनता 2019 के विधानसभा चुनावों में ही भाजपा को हटाना चाहती थी क्योंकि वे इस सरकार से नाखुश नहीं थे। जनता ने उनके 14 में से 12 मंत्रियों को हराया और वापस घर भेज दिया लेकिन जजपा ने अपने मतदाताओं को धोखा दिया और भाजपा से हाथ मिलाकर सरकार बनाई।''
हुड्डा ने दावा किया कि 2019 के विधानसभा चुनावों में जजपा ने भाजपा को 'जमुनापार' भेजने का वादा कर 90 विधानसभा सीटों में से 10 पर जीत हासिल की थी लेकिन इस बार उन्हें एक भी सीट नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा, ''जनता इस विश्वासघात का बदला लेगी।''
हुड्डा ने कहा कि 2014 से पहले जब कांग्रेस सत्ता में थी तब विकास दर और प्रति व्यक्ति निवेश बेहतर हुआ था, इसके अलावा किसानों और गरीबों के कल्याण के लिए कई पहल की गई थीं।
उन्होंने आरोप लगाया, ''हम नंबर एक पर थे लेकिन भाजपा और भाजपा-जजपा सरकार ने हरियाणा को बेरोजगारी, महंगाई, नशाखोरी और अपराध में नंबर एक बना दिया।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 31, 2023 09:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

