देश की खबरें | लोग चाहते हैं कि यूसीसी लागू हो: नायब सैनी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को कहा कि लोग चाहते हैं कि देश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू हो और इस मुद्दे पर चर्चा जारी है।
चंडीगढ़, 27 जनवरी हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को कहा कि लोग चाहते हैं कि देश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू हो और इस मुद्दे पर चर्चा जारी है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित उत्तराखंड के यूसीसी लागू करने वाला देश का पहला राज्य बनने के बाद यह पूछे जाने पर कि क्या हरियाणा भी ऐसा ही करेगा तो सैनी ने कहा, "पूरा देश यूसीसी को लेकर गंभीर है। बुद्धिजीवी इस मुद्दे को लेकर गंभीर हैं। सभी गंभीर हैं और इस पर चर्चा हो रही है।"
सभी धर्मों के प्रत्येक नागरिक के लिए विवाह, तलाक और संपत्ति के मामलों में समान कानूनों को बढ़ावा देने वाली समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू करना उत्तराखंड में 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का प्रमुख वादा था।
देश के संदर्भ में यूसीसी के बारे में पूछे जाने पर सैनी ने कहा, “जब समय आएगा, हम इसे लागू करेंगे।”
इससे संबंधित एक प्रश्न के उत्तर में सैनी ने कहा, "देश में इस मुद्दे (यूसीसी) पर चर्चा जारी है। लोग चाहते हैं कि इसे लागू किया जाए... हमने पहले भी कहा है कि जब समय आएगा तो हम इसे लागू करेंगे।"
उत्तराखंड में सोमवार को समान नागरिक संहिता लागू कर दी गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसकी अधिसूचना जारी की, इसके कार्यान्वयन के लिए नियम जारी किए और विवाह, तलाक व ‘लिव-इन रिलेशनशिप’ के अनिवार्य ऑनलाइन पंजीकरण के लिए एक पोर्टल की शुरुआत की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)