देश की खबरें | लोग मेहनती को चाहते हैं, आलसी को नहीं : शिंदे का शिवसेना(उबाठा) पर तंज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को अपने प्रतिद्वंद्वी और शिवसेना (उबाठा) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे पर ताजा हमला करते हुए कहा कि लोग मेहनती लोगों का समर्थन करते हैं, न कि उनका जो घर में निठल्ले बैठे हैं।
मुंबई, 17 जून महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को अपने प्रतिद्वंद्वी और शिवसेना (उबाठा) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे पर ताजा हमला करते हुए कहा कि लोग मेहनती लोगों का समर्थन करते हैं, न कि उनका जो घर में निठल्ले बैठे हैं।
मार्च 2020 में जब से महाराष्ट्र में कोरोना वायरस महामारी फैली तब से ठाकरे के प्रतिद्वंद्वी और आलोचक उन पर निशाना साध रहे हैं। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री पद पर आसीन होने के बावजूद ठाकरे उस समय लोगों की मदद करने के लिए अपने घर से बाहर नहीं आए और केवल ‘फेसबुक लाइव’ (सोशल मीडिया मंच के जरिये संवाद) ही किया।
शिंदे ने कहा, ‘‘जनता की सरकार 2022 में बनी। तब से हमने केवल आरोप-प्रत्यारोप में उलझने के बजाय ठोस नतीजे देने पर ध्यान केंद्रित किया। इसलिए जनता काम करने वालों का साथ देती है, घर में निष्क्रिय रहने वालों का नहीं।’’
वह यहां नासिक के चार पूर्व पार्षदों को पार्टी में शामिल करने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। चारों पूर्व पार्षद ठाकरे नीत शिवसेना (उबाठा) को छोड़कर सत्तारूढ़ शिवसेना में शामिल हो गए हैं।
शिंदे द्वारा ठाकरे के नेतृत्वा के खिलाफ जून 2022 में बगावत करने की वजह से शिवसेना में विभाजन हो गया था। शिंदे की बगावत की वजह से ठाकरे नीत महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार गिर गई थी।
एमवीए सरकार गिरने के बाद शिंदे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थन से मुख्यमंत्री बने। नवंबर 2024 के विधानसभा चुनावों के बाद, भाजपा के देवेंद्र फडणवीस ने शीर्ष पद संभाला, जबकि शिंदे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता अजित पवार उपमुख्यमंत्री बनाए गए।
शिंदे ने पार्षदों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा, ‘‘हम बालासाहेब ठाकरे और आनंद दीघे के आदर्शों और विकासात्मक दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। पिछले चुनाव में आपका चुनाव चिह्न धनुष और तीर था और अब यह एक बार फिर आपका है। आप सभी घर वापस आ गए हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 17, 2025 06:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

