एजेंसी न्यूज

दिल्ली में दुकानों, कार्यालयों को दोबारा खोले जाने के बीच सड़कों पर निकले लोग

हालांकि, बड़े बाजारों में एहतियात के तौर पर कम ही संख्या में दुकानें खुलीं और कई दुकानदारों ने कहा कि ग्राहकों की संख्या बेहद कम है।

दिल्ली में दुकानों, कार्यालयों को दोबारा खोले जाने के बीच सड़कों पर निकले लोग
जमात

नयी दिल्ली, चार मई राष्ट्रीय राजधानी में 40 दिन से लागू सख्त लॉकडाउन के बीच सोमवार को थोड़ी राहत मिलने के बाद सरकारी और निजी कार्यालयों ने सीमित कर्मचारियों के साथ काम दोबारा शुरू किया। धीरे-धीरे कामकाज शुरू करने के लिए दिल्ली में इलेक्ट्रॉनिक्स और वाहन के पार्ट्स की दुकानों समेत अन्य दुकानें भी खोली गईं।

हालांकि, बड़े बाजारों में एहतियात के तौर पर कम ही संख्या में दुकानें खुलीं और कई दुकानदारों ने कहा कि ग्राहकों की संख्या बेहद कम है।

दिल्ली सरकार के गैर-जरूरी सेवाओं से संबंधित विभागों ने भी कर्मचारियों की सीमित संख्या के साथ कामकाज शुरू कर दिया।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी 25 मार्च से लागू लॉकडाउन के बाद मंत्रिमंडल की पहली बैठक की।

कई सप्ताह से खाता संबंधित लंबित कामों को निपटाने के लिए भी बैंकों के बाहर लोग अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। कई इलाकों में आइसक्रीम बेचने वाले भी गलियों में रेहड़ी लेकर घूमते दिखे।

शराब की दुकानों के बाहर लंबी कतारें देखी गईं और इस दौरान कुछ स्थानों पर लोग सामाजिक दूरी के नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। ऐसे में प्रशासन को या तो दुकान बंद करवानी पड़ी अथवा अनुशासन बनाए रखने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

पूर्वी दिल्ली के जवाहर चौक में फोटोकॉपी और स्टेशनरी की दुकान चलाने वाले कृष्णा कोहली ने कहा कि उन्होंने 40 दिन बाद अपनी दुकान खोली है।

कोहली ने कहा, ''दुकान खुली है लेकिन ग्राहक नदारद हैं। मुझे लगता है कि धीरे-धीरे लोग बाहर आएंगे और कुछ दिन में काम में तेजी आएगी।''

पान की दुकान चलाने वाले राधे श्याम मिश्रा ने कहा कि पुरानी दिल्ली में अभी आपूर्तिकर्ताओं (सप्लायर) की दुकानें बंद हैं, इसलिए सामान उपलब्ध होने के बाद ही मैं अपना काम ठीक तरह से शुरू कर पाउंगा।

उन्होंने कहा कि लॉकडाउन में ढील के बाद सड़कों पर लोग नजर आ रहे हैं और उम्मीद है कि जल्द ही हालात सामान्य होने लगेंगे।

इस बीच, मोबाइल फोन का सामान बेचने वाले सुरजीत सिंह ने कहा, '' मैंने अभी अपनी दुकान खोली है और अगले दो घंटे बाद बंद कर दूंगा क्योंकि यहां पुलिस की कार्रवाई का भय है।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2020 06:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).