देश की खबरें | केरल की जनता राजनीतिक रूप से जागरूक, केंद्रीय एजेंसियों की संभावित कार्रवाई से हम नहीं डरते : माकपा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर शनिवार को भी केरल में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आती रहीं। सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा)ने कहा कि वह प्रतिद्वंद्वी दलों के इस दुष्प्रचार से डरी नहीं है कि मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को भी केंद्रीय एजेंसियों की इसी तरह की कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
तिरुवनंतपुरम, 23 मार्च प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर शनिवार को भी केरल में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आती रहीं। सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा)ने कहा कि वह प्रतिद्वंद्वी दलों के इस दुष्प्रचार से डरी नहीं है कि मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को भी केंद्रीय एजेंसियों की इसी तरह की कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
दिल्ली की एक अदालत द्वारा केजरीवाल को आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन के मामले में ईडी की हिरासत में भेजे जाने के एक दिन बाद केरल के लोक निर्माण (पीडब्ल्यूडी) मंत्री पी.ए. मोहम्मद रियास ने कहा कि राज्य के लोग राजनीतिक रूप से जागरूक हैं और ‘देखते हैं’ कि क्या ईडी इस दक्षिणी राज्य में आती है।
माकपा के राजनीतिक विरोधियों ने दावा किया था कि केरल के मुख्यमंत्री को भी इसी तरह की कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। इस बारे में पूछे जाने पर पीडब्ल्यूडी मंत्री ने यह टिप्पणी की।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी से अब यह स्पष्ट हो गया है कि केंद्र राष्ट्रीय जांच एजेंसियों का ‘राजनीतिक हथियार’ के रूप में दुरुपयोग कर रहा है।
मुख्यमंत्री विजयन के दामाद रियास ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘अगर ईडी केरल आती है, तो देखेंगे... राज्य के लोग राजनीतिक रूप से जागरूक हैं।’’
मंत्री ने केजरीवाल मुद्दे पर ईडी की कार्रवाई पर ‘‘दोहरा रवैया’’ अपनाने के लिए कांग्रेस पार्टी की भी आलोचना की।
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन करने के लिए माकपा के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की आलोचना की।
भाजपा के केरल प्रदेश अध्यक्ष के. सुरेंद्रन ने कहा कि यह इतिहास में पहली बार है कि यूडीएफ और एलडीएफ ने किसी मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन करने के लिए हाथ मिलाया है और भ्रष्ट लोगों की रक्षा के लिए सत्तारूढ़ और विपक्षी मोर्चे एक साथ आए हैं।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अब यह स्पष्ट हो गया है कि भ्रष्ट लोगों को समर्थन देने के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक एकजुट हो गये हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 23, 2024 05:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

