लोगों में भाजपा के प्रति अभूतपूर्व विश्वास एवं स्नेह है: प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने मध्य प्रदेश के लोगों में भाजपा के प्रति ‘‘अभूतपूर्व विश्वास और स्नेह’’ देखा है. राज्य में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव होना है.
बैतूल (मप्र), 14 नवंबर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने मध्य प्रदेश के लोगों में भाजपा के प्रति ‘‘अभूतपूर्व विश्वास और स्नेह’’ देखा है. राज्य में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव होना है. मोदी ने बैतूल में एक रैली को संबोधित करते हुए दावा किया कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले ही हार स्वीकार कर ली है. प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘कांग्रेस जानती है कि उनके झूठे वादे मोदी की गारंटी के आगे टिकेंगे नहीं.’’
उन्होंने कहा, ‘‘जैसे-जैसे 17 नवंबर की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे कांग्रेस के दावों की असलियत सामने आ रही है. कांग्रेस ने हार स्वीकार कर ली है और अब वह भाग्य के भरोसे है.’’ मोदी ने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेता ‘‘घर पर बैठे’’ हैं और उनका बाहर निकलने का भी मन नहीं करता. उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के लोगों को यह नहीं पता कि वह लोगों से क्या कहेंगे. कांग्रेस ने मान लिया है कि मोदी की गारंटी के सामने उनके झूठे वादे टिक नहीं सकते.’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह चुनाव मध्य प्रदेश में कांग्रेस के भ्रष्टाचार और लूट को रोकने के लिए है.’’ यह भी पढ़ें : ATP Finals: दानिल मेदवेदेव ने सीधे सेटों में आंद्रेई रुब्लेव को हराया, इस सीज़न में दर्ज किया सबसे अधिक टूर-स्तरीय जीत
मोदी ने कहा, ‘‘आप जानते हैं कि कांग्रेस जहां भी (सत्ता में) आती है, वह वहां विनाश लाती है.’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया में मोबाइल फोन का दूसरा सबसे बड़ा निर्माता बन गया है. उन्होंने कहा, ‘‘यह मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मेरी आखिरी रैलियां हैं क्योंकि चुनाव प्रचार कल समाप्त हो जाएगा. कल बिरसा मुंडा एवं झारखंड की जयंती है और मैं कल उस राज्य का दौरा करूंगा.’’
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 14, 2023 01:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

