देश की खबरें | राजग-भाजपा पर भारी पड़ेगी 'पीडीए' की एकता : अखिलेश यादव
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की भारी पराजय का दावा करते हुए कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकों (पीडीए) की एकता राजग-भाजपा पर भारी पड़ेगी।
लखनऊ, 17 जून समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की भारी पराजय का दावा करते हुए कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकों (पीडीए) की एकता राजग-भाजपा पर भारी पड़ेगी।
यहां सपा मुख्यालय से जारी एक बयान में यादव ने कहा कि भाजपा 2014 में सत्ता में जैसे आई थी , 2024 में उसकी वैसे ही विदाई होगी।
बयान में पूर्व मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीट पर भाजपा को हराने का नारा देते हुए कहा कि '' हमारा नारा है 80 हराओ-भाजपा हटाओ। इसलिए 2024 में पीडीए- पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यकों की एकता राजग- भाजपा गठबंधन पर भारी पड़ेगी।''
उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में महंगाई, बेरोजगारी, गरीब का सम्मान और उसे न्याय तथा सुविधाएं दिलाना बड़ा मुद्दा होगा तथा गरीब, किसान, नौजवान भाजपा के खिलाफ वोट करेंगे।
विपक्षी दलों की एकता के मामले पर अखिलेश यादव ने कहा, ''विपक्षी एकता का फार्मूला यही हो सकता है कि जो दल जिस प्रदेश में मजबूत हो उसको आगे करके ही बाकी दल चुनाव लड़ें। चुनाव और एकता के लिए बड़े दिल की जरूरत होती है। जो दल भाजपा को हराना चाहते हैं वे समाजवादी पार्टी का साथ देने में बड़ा दिल दिखाएं। समाजवादी पार्टी का लक्ष्य भाजपा को प्रदेश की सभी 80 सीट पर हराना है। जनता बदलाव चाहती है।''
यादव ने कहा '' उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार से क्या उम्मीद की जा सकती है। उनके छह साल के कार्यकाल में न एक जिला चिकित्सालय बना, न ही एक हवाईअड्डा बना। प्रदेश में निवेश आने की बड़ी उम्मीदें थी, हकीकत में निवेशक ढूंढे़ नहीं मिल रहे हैं। समाजवादी सरकार में बिना निवेशक सम्मेलन किए उत्तर प्रदेश में एचसीएल आया, सैमसंग का संयंत्र लगा।''
अखिलेश यादव ने कहा , ‘‘जिसकी तैयारी जमीन पर होगी वही लड़ पायेगा। भाजपा बड़ी-बड़ी कम्पनियों की भाड़े पर लेकर, पैसों से चुनाव लड़ती है। भाजपा से लड़ने के लिए समाजवादी पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को जमीन पर तैयार कर रही है।''
जातीय जनगणना पर जोर देते हुए समाजवादी नेता ने कहा कि 'जातीय जनगणना के बाद ही सामाजिक न्याय मिल पाएगा क्योंकि आबादी के हिसाब से हक और सम्मान देना है तो जातीय जनगणना जरूरी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 17, 2023 06:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

