पुणे, छह मई राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष पद पर बने रहने का फैसला करने के एक दिन बाद, शरद पवार शनिवार को महाराष्ट्र के पुणे जिले स्थित अपने गृह क्षेत्र बारामती पहुंचे।
राकांपा के पदाधिकारियों ने ‘देश का नेता कैसा हो, पवार साहब जैसा हो’ जैसे नारे लगाते हुए पवार का स्वागत किया। बारामती में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पवार को राकांपा प्रमुख बने रहने के फैसले के लिए धन्यवाद दिया।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि बारामती से ताल्लुक रखने वाले राकांपा प्रमुख पवार रविवार को विभिन्न कार्यक्रमों के लिए सोलापुर जाने से पहले पार्टी सदस्यों से मिलेंगे।
पवार ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बढ़ते दबाव के बाद शुक्रवार को राकांपा अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का अपना फैसला वापस ले लिया।
अपनी कुशल राजनीतिक पैंतरेबाज़ी के लिए जाने जाने वाले 82 वर्षीय मराठा दिग्गज ने यू-टर्न लेते हुए कहा कि महाराष्ट्र और देश भर के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनसे पार्टी अध्यक्ष के रूप में बने रहने का अनुरोध किया था।
पवार का 63 साल का लंबा राजनीतिक करियर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। उन्होंने कहा कि वह अपने सहयोगियों और पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाओं का अपमान नहीं कर सकते, जिन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वह अपना फैसला वापस ले लें।
उत्तराधिकारी के चुनाव के लिए शरद पवार द्वारा चुनी गई पार्टी समिति ने एक प्रस्ताव पारित कर कहा था कि उन्हें पार्टी के अध्यक्ष पद पर बने रहना चाहिए। पवार ने कहा, ‘‘मैं उनकी भावनाओं का अनादर नहीं कर सकता। मुझे जो प्यार मिला और मुझ पर जो विश्वास जताया गया उससे मैं अभिभूत हूं। आप सभी की अपील पर विचार करते हुए और पार्टी द्वारा गठित समिति के फैसले का सम्मान करते हुए, मैं अध्यक्ष पद छोड़ने का अपना फैसला वापस ले रहा हूं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY