एजेंसी न्यूज

पटनायक ने अन्य राज्य से लौटे लोगों से जिम्मेदार आचरण का अनुरोध किया

गंजम जिले के कथित पृथक-वास केंद्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें प्रवासी कामगारों का एक समूह, जिसमें अधिकतर गुजरात से आए लोग हैं, अधिकारियों द्वारा संभवत: खाने का इंतजाम देर से करने की वजह से खाना फेंक रहा है। उनमें से कुछ अधिकारियों के साथ बहस करते भी दिख रहे हैं।

पटनायक ने अन्य राज्य से लौटे लोगों से जिम्मेदार आचरण का अनुरोध किया
जमात

भुवनेश्वर, चार मई ओडिशा में कुछ पृथक-वास केंद्रों में रह रहे लोगों द्वारा नियमों का उल्लंघन और वहां तैनात अधिकारियों से दुर्व्यवहार करने की खबरों से चिंतित राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोमवार को उनसे जिम्मेदार आचरण का अनुरोध किया और चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गंजम जिले के कथित पृथक-वास केंद्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें प्रवासी कामगारों का एक समूह, जिसमें अधिकतर गुजरात से आए लोग हैं, अधिकारियों द्वारा संभवत: खाने का इंतजाम देर से करने की वजह से खाना फेंक रहा है। उनमें से कुछ अधिकारियों के साथ बहस करते भी दिख रहे हैं।

खबरों के मुताबिक जिले में कुछ प्रवासी कामगार अपर्याप्त इंतजामों की शिकायत करते हुए पृथक-वास केंद्रों से भाग भी चुके हैं।

फेसबुक पर प्रसारित हो रहे एक वीडियो में जिले के एक पृथक-वास केंद्र के रहवासी सामाजिक दूरी के नियमों का पालन किये बिना नाच रहे हैं और खुशी मना रहे हैं। इस सिलसिले में भद्रक के तिहिडी पुलिस थाने में एफआईआर भी दर्ज की गई थी।

पटनायक ने अपने संदेश में कहा कि जिन लोगों को पृथक-वास में रखा गया है उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए और खुद को, अपने परिवार और समुदाय को बचाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरपंचों को जिलाधिकारी की शक्तियां और जिम्मेदारियां दी गई हैं और उनसे कहा गया है कि अगर कोई नियमों का उल्लंघन करता मिलता है तो उन्हें इसकी जानकारी प्रशासन को देनी चाहिए।

मुख्य सचिव ए के त्रिपाठी ने रविवार को कहा कि कुछ लोगों की अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा क्योंकि इससे राज्य के साढ़े चार करोड़ लोगों को महामारी के बीच सुरक्षित रखने की व्यवस्था पटरी से उतर सकती है।

ओडिशा में कोविड-19 की स्थिति कई राज्यों के मुकाबले बेहतर होने का जिक्र करते हुए पटनायक ने कहा कि अधिकारियों समेत लाखों लोग बीमारी के प्रसार को रोकने के लिये दिन-रात काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “अन्य राज्यों से लौट रहे लोगों को भी जिम्मेदारी लेनी चाहिए और ओडिशा में स्थिति को नियंत्रण में रखने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।”

वहीं राज्य के पुलिस महानिदेशक अभय ने ट्वीट कर कहा कि लोगों की सुरक्षा को खतरा पहुंचाने वाले किसी भी कृत्य से सख्ती से निपटा जाएगा।

उन्होंने ट्वीट किया, “लौट के आए लोगों के प्रति हमारे आतिथ्य का यह मतलब नहीं कि हम उनके लापरवाह आचरण के प्रति आंख बंद कर लेंगे। लौट के आए सभी लोगों से मेरा अनुरोध है कि पृथक-वास के दौरान तय किये गए मानकों का पालन करें।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2020 04:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).