खेल की खबरें | पैरालम्पिक चैम्पियन सुमित अंतिल ने अपना ही विश्व रिकॉर्ड तोड़कर स्वर्ण जीता
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. गत पैरालंपिक चैंपियन सुमित अंतिल ने बुधवार को यहां हांगझोउ एशियाई पैरा खेलों में भाला फेंक की एफ64 स्पर्धा में 73 . 29 मीटर का नया विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता।
हांगझोउ, 25 अक्टूबर गत पैरालंपिक चैंपियन सुमित अंतिल ने बुधवार को यहां हांगझोउ एशियाई पैरा खेलों में भाला फेंक की एफ64 स्पर्धा में 73 . 29 मीटर का नया विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता।
पच्चीस साल के सुमित ने 73.29 मीटर के प्रयास के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने 70 .83 मीटर के अपने ही विश्व रिकॉर्ड में सुधार किया जो उन्होंने इस साल पेरिस में विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के दौरान बनाया था।
एक अन्य भारतीय पुष्पेंद्र सिंह ने इसी स्पर्धा में 60.06 मीटर के प्रयास के साथ कांस्य पदक जीता।
श्रीलंका के समिता अराचचिगे कोडिथुवाकु (64.09) को रजत पदक मिला।
सुमित ने तोक्यो पैरालंपिक की पुरुष भाला फेंक एफ64 स्पर्धा में 68.55 मीटर के प्रयास से स्वर्ण पदक जीता था जो तत्कालिन विश्व रिकॉर्ड था।
मौजूदा हांगझोउ एशियाई पैरा खेलों में भारत ने आज 24 पदक जीते जिनमें से 17 और सभी छह स्वर्ण एथलेटिक्स में मिले । भारत 58 पदक जीत चुका है जिसमें 15 स्वर्ण, 20 रजत और 23 कांस्य हैं ।
अंकुी धामा पैरा एशियाई खेलों के एक ही सत्र में दो स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय बन गए । उन्होंने पुरूषों की टी11 1500 मीटर रेस में चार मिनट 27 . 70 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण जीता। इससे पहले उन्होंने पुरूषों की टी11 5000 मीटर रेस भी जीती थी ।
भारत के सुंदर सिंह गुर्जर ने भी एफ 46 भालाफेंक में नया विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए 68 . 60 मीटर के थ्रो के साथ पीला तमगा जीता । इससे पहले विश्व रिकॉर्ड 67 . 79 मीटर का था जो श्रीलंका के दिनेश एम हेराथ के नाम था ।
भारत ने पुरूषों के एफ46 भालाफेंक में तीनों पदक अपने नाम किये । रिंकू को रजत और अजीत सिंह को कांस्य पदक मिला ।
महिलाओं की टी11 1500 मीटर रेस में रक्षिता राजू को स्वर्ण और किलाका ललिता को रजत पदक मिला । रक्षिता ने 2018 में भी इसी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था ।
पुरूषों के एफ37 . 38 भालाफेंक और महिलाओं की टी47 लंबी कूद में भी भारत के हनी और निमिषा सुरेश ने स्वर्ण पदक जीता ।
महिलाओं की एफ 54 . 55 चक्काफेंक में भारत की पूजा ने रजत पदक जीता । वहीं पुरूषों के टी35 200 मीटर में नारायण ठाकुर को कांस्य और टी37 200 मीटर में श्रेयांश त्रिवेदी को कांस्य पदक मिला ।
पैरा टेबल टेनिस में तोक्यो पैरालम्पिक पदक विजेता भाविना पटेल ने कांस्य पदक जीता जो सेमीफाइनल में चीन की गू शियाओदान से 1 . 3 से हार गई ।
पुरूष युगल में राकेश कुमार और सूरज सिंह को कांस्य मिला । पैरा बैडमिंटन में प्रमोद भगत और मनीषा रामदास ने कांस्य पदक जीता ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 25, 2023 05:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

