खेल की खबरें | पंड्या का लगातार तीसरा अर्धशतक, केकेआर को मिला जीत के लिये 157 रन का लक्ष्य
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. कप्तान हार्दिक पंड्या (67 रन) के लगातार तीसरे अर्धशतक की मदद से गुजरात टाइटन्स ने शनिवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ नौ विकेट पर 156 रन बनाये।
नवी मुंबई, 23 अप्रैल कप्तान हार्दिक पंड्या (67 रन) के लगातार तीसरे अर्धशतक की मदद से गुजरात टाइटन्स ने शनिवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ नौ विकेट पर 156 रन बनाये।
पंड्या ने 49 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और दो छक्के जमाये। उनके अलावा कोई अहम योगदान नहीं दे सकता। वह और डेविड मिलर (27 रन, 20 गेंद में एक चौके और दो छक्के) जब क्रीज पर थे तो लग रहा था कि टीम चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा कर देगी।
लेकिन केकेआर ने अंतिम ओवरों में शानदार गेंदबाजी की। इससे गुजरात टाइटन्स अंतिम पांच ओवर में सात विकेट गंवाकर सिर्फ 29 रन जोड़ पायी।
केकेआर की ओर से अंतिम ओवर में गेंदबाजी करने उतरे वेस्टइंडीज के आंद्रे रसेल ने छह गेंद में कमाल कर दिया, जिसमें उन्होंने पांच रन देकर चार विकेट झटके।
टिम साउदी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर तीन विकेट चटकाये जिसमें उनके अपने अंतिम ओवर में दो विकेट शामिल रहे।
उमेश यादव और शिवम मावी को एक एक विकेट मिला।
गुजरात के लिये पारी शुरू करने आये ऋद्धिमान साहा ने 25 गेंद में 25 रन और अंत में राहुल तेवतिया ने 12 गेंद में 17 रन बनाये।
पिछले दो मैचों में जीत से उत्साह से भरी गुजरात टाइटन्स ने पहला विकेट दूसरे ही ओवर में गंवा दिया जिससे पावरप्ले में टीम एक विकेट पर 47 रन ही बना सकी।
दूसरे ओवर में साउदी की गेंद पर सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल (07) बल्ला छुआकर विकेटकीपर सैम बिलिंग्स को कैच दे बैठे।
पंड्या तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे, उन्होंने और साहा (दो चौके, एक छक्का) ने मिलकर दूसरे विकेट के लिये 75 रन की साझेदारी निभायी। इससे 10 ओवर तक टीम एक विकेट पर 78 रन जोड़ चुकी थी।
पर अगले ही ओवर में उमेश यादव की गेंद को कट करने के प्रयास में साहा बैकवर्ड प्वाइंट पर खड़े वेंकटेश अय्यर को आसान कैच देकर आउट हो गये, टीम का दूसरा विकेट 83 रन पर गिरा।
दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर मिलर ने आकर अपने कप्तान का बखूबी साथ निभा रहे थे। पंड्या ने 12वें ओवर में इस सत्र में लगातार तीसरा अर्धशतक पूरा किया।
गुजरात टाइटन्स 15वें ओवर तक दो विकेट पर 127 रन बना चुकी थी।
केकेआर की विकेट की तलाश 17वें ओवर में पूरी हुई जब मावी की ‘ऑफकटर’ पर मिलर (एक चौका, दो छक्के) उमेश यादव को आसान कैच देकर आउट हुए जिससे तीसरे विकेट के लिये 50 रन की भागीदारी भी खत्म हुई।
अगले ओवर में साउदी ने पंड्या की पारी खत्म करने के बाद राशिद खान के रूप में तीसरा विकेट झटका।
अंतिम ओवर में रसेल ने अभिनव मनोहर, लॉकी फर्ग्यूसन, राहुल तेवतिया (दो चौके) और यश दयाल (शून्य) के विकेट झटके।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 23, 2022 05:45 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

