एजेंसी न्यूज

Panchayat Election-2022: हरियाणा के नौ जिलों में जिला परिषद, पंचायत समितियों के लिए मतदान शुरू

हरियाणा में पंचायत चुनाव के पहले चरण में नौ जिलों में जिला परिषदों और पंचायत समितियों के सदस्यों के निर्वाचन के लिए रविवार सुबह मतदान शुरू हुआ. अधिकारियों ने बताया कि नौ जिलों-भिवानी, झज्जर, जींद, कैथल, महेंद्रगढ़, नूंह, पंचकूला, पानीपत और यमुनानगर के 61 ब्लॉक में पंचायत समिति के 1,278 सदस्यों तथा जिला परिषद के 175 सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान हो रहा है.

Panchayat Election-2022: हरियाणा के नौ जिलों में जिला परिषद, पंचायत समितियों के लिए मतदान शुरू
Election

चंडीगढ़, 30 अक्टूबर : हरियाणा में पंचायत चुनाव के पहले चरण में नौ जिलों में जिला परिषदों और पंचायत समितियों के सदस्यों के निर्वाचन के लिए रविवार सुबह मतदान शुरू हुआ. अधिकारियों ने बताया कि नौ जिलों-भिवानी, झज्जर, जींद, कैथल, महेंद्रगढ़, नूंह, पंचकूला, पानीपत और यमुनानगर के 61 ब्लॉक में पंचायत समिति के 1,278 सदस्यों तथा जिला परिषद के 175 सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान हो रहा है. पहले चरण के चुनाव के लिए नौ जिलों में 49,67,092 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. पहले चरण के लिए 6,019 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चलेगा. पहले चरण के तहत सरपंचों और पंचों के चुनाव के लिए मतदान दो नवंबर को होगा.

हरियाणा राज्य निर्वाचन आयुक्त धनपत सिंह ने पहले कहा था कि दो नवंबर को होने वाले चुनाव के मद्देनजर राज्य के नौ जिलों में 133 सरपंचों और 17,158 पंचों को निर्विरोध चुन लिया गया है. सिंह ने बताया था कि पंचायत समितियों के लिए 56 उम्मीदवारों को सर्वसम्मति से चुन लिया गया है. पहले चरण में पंच, सरपंच और पंचायत समिति तथा जिला परिषद के सदस्यों के चुनाव के लिए 34,371 उम्मीदवार मैदान में हैं. इनमें 19,175 पुरुष और 15,196 महिलाएं शामिल हैं. सरपंच और पंचों के चुनाव के नतीजों की घोषणा प्रत्येक चरण के मतदान के अंत में की जाएगी, जबकि जिला परिषदों और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के नतीजों की घोषणा 27 नवंबर को की जाएगी. यह भी पढ़ें : राहुल ने तेलंगाना में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के पांचवें दिन स्कूली छात्रों के साथ दौड़ लगाई

दूसरे चरण के चुनाव में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान नौ नवंबर को तथा सरपंचों और पंचों के लिए मतदान 12 नवंबर को होगा. दूसरे चरण में अंबाला, चरखी दादरी, गुरुग्राम, करनाल, कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी, रोहतक, सिरसा और सोनीपत जिलों में मतदान होगा. हिसार, पलवल, फरीदाबाद और फतेहाबाद में तीसरे एवं आखिरी चरण का चुनाव होगा. इन जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति के सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान 22 नवंबर, जबकि सरपंचों और पंचों के चुनाव के लिए मतदान 25 नवंबर को होगा.

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 30, 2022 09:24 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).