विदेश की खबरें | पाकिस्तान के जाने-माने व्यवसायी बायरम डी. अवारी का निधन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तान के एक प्रमुख व्यवसायी, खिलाड़ी और पारसी समुदाय के समाजसेवी बायरम डी. अवारी का 81 साल की उम्र में कराची में निधन हो गया। उन्हें सोमवार को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
कराची, 23 जनवरी पाकिस्तान के एक प्रमुख व्यवसायी, खिलाड़ी और पारसी समुदाय के समाजसेवी बायरम डी. अवारी का 81 साल की उम्र में कराची में निधन हो गया। उन्हें सोमवार को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
अवारी के परिवार ने एक बयान में कहा कि लंबी बीमारी से जूझने के बाद रविवार को उनका निधन हो गया।
उनके परिवार ने कहा कि अवारी को देश सेवा के लिए पाकिस्तान के राष्ट्रपति के ‘प्राइड ऑफ परफॉर्मेंस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया था। अवारी को बीच लक्ज़री होटल के परिसर के अंदर खोर्शेद विला में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
उन्हें एशियाई खेलों में पाकिस्तान के लिए नौकायन में दो स्वर्ण पदक जीतने के लिए जाना जाता था। पहला पदक उन्होंने 1978 में बैंकाक में मुनीर सादिक के साथ और दूसरा 1982 में नयी दिल्ली में अपनी पत्नी गोशपी अवारी के साथ जीता था।
समाजसेवी को आतिथ्य उद्योग की प्रमुख हस्ती के रूप में पहचाना जाता था और वह अवारी ग्रुप आफ कंपनीज के मालिक तथा चेयरमैन थे। यह समूह कराची और लाहौर में दो पंचतारा होटलों का संचालन करता है। इस समूह के दुबई और टोरंटो में भी होटल हैं ।
डॉन समाचारपत्र के अनुसार, प्रमुख कारोबारी अवारी ने पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में कई साल तक अपने पारसी समुदाय का प्रतिनिधित्व भी किया तथा वह कराची पारसी अंजुमन के अध्यक्ष भी रहे।
कराची में पारसी समुदाय के विकास कार्य और ऐतिहासिक इमारतें आज भी प्रमुख स्थान रखती हैं और कभी इस शहर में लगभग 7,000 पारसी रहते थे, लेकिन कराची में जातीय हिंसा और आतंकवाद के बाद 80 के दशक के उत्तरार्ध से युवा पीढ़ी के विदेश जाने का फैसला करने के बाद यह संख्या घटकर लगभग 1,000 रह गई है।
जितेंद्र नरेश
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)