लॉकडाउन के कारण दो महीने से अधिक वक्त से भारत में फंसे पाकिस्तानी घर लौटे
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने महिलाओं और बच्चों समेत 193 लोगों को वाघा सीमा पर पाकिस्तान रेंजर्स के सुपुर्द किया।
लाहौर, पांच मई कोरोना वायरस महामारी के कारण लागू लॉकडाउन में दो महीने से अधिक समय से भारत में फंसे 190 से अधिक पाकिस्तानी नागरिक मंगलवार को वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तान लौट आए।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने महिलाओं और बच्चों समेत 193 लोगों को वाघा सीमा पर पाकिस्तान रेंजर्स के सुपुर्द किया।
पाकिस्तानी रेंजर्स के एक अधिकारी ने बताया कि ये पाकिस्तानी नागरिक बंद की वजह से दो महीने से अधिक वक्त से भारत के विभिन्न हिस्सों में फंसे हुए थे।
इनमें से अधिकतर अपने रिश्तेदारों से मिलने, इलाज कराने या धार्मिक समारोहों में शामिल होने गए थे।
पाकिस्तान लौटने पर उनकी जांच कराई गयी और लाहौर के पृथक-वास केंद्रों में भेज दिया गया जहां वे 72 घंटे रहेंगे।
अधिकारी ने कहा, ‘‘अगर उनकी कोरोना वायरस जांच में संक्रमण की पुष्टि नहीं होती तो उन्हें 72 घंटे बाद घर जाने दिया जाएगा अन्यथा उन्हें 14 दिन के लिए पृथक-वास में रखा जाएगा।’’
जो लोग आज लौटे हैं, खबरों के मुताबिक, उन्हें भारत में भी विभिन्न शहरों में पृथक-वास में रखा गया था। पाकिस्तान में प्रवेश से पहले अटारी सीमा पर उनकी जांच की गयी।
इन सभी को पाकिस्तानी अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया गया और इनमें से किसी में कोरोना वायरस के लक्षण नहीं दिखाई दिए। भारत से लौटे इन लोगों के रिश्तेदारों को उनसे मिलने के लिए वाघा सीमा में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गयी।
इनमें 49 लोग नागपुर से, 33 मध्य प्रदेश से, 12 अहमदाबाद से, नौ-नौ मुंबई, दिल्ली, रायपुर और जयपुर से, छह-छह बिजनौर तथा आणंद से, पांच लखनऊ, चार गुरुग्राम से, तीन-तीन आगरा, रायबरेली, रामपुर, कौशांबी, कोल्हापुर, कोटा और फिरोजपुर से, दो कोलकाता से तथा एक-एक जोधपुर और लुधियाना से लौटे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2020 07:55 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

