देश की खबरें | पाकिस्तानी सेना ने पुंछ में किया संघर्ष विराम का उल्लंघन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर बारूदी सुरंग में विस्फोट के बाद बिना उकसावे के गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। सेना के एक प्रवक्ता ने बुधवार को यह जानकारी दी।
जम्मू, दो अप्रैल पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर बारूदी सुरंग में विस्फोट के बाद बिना उकसावे के गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। सेना के एक प्रवक्ता ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने संघर्ष विराम उल्लंघन का ‘‘प्रभावी ढंग से’’ जवाब दिया और एलओसी पर स्थिति नियंत्रण में है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह घटना मंगलवार अपराह्न एक बजकर 10 मिनट की है।
भारतीय सेना ने पाकिस्तान की ओर से किसी के हताहत होने का कोई जिक्र नहीं किया जबकि आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि विस्फोट और उसके बाद दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी में दुश्मन सेना के पांच जवान घायल हो गए।
जम्मू स्थित सेना के जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्तवाल ने एक बयान में कहा, ‘‘एक अप्रैल कृष्णा घाटी सेक्टर में बारूदी सुरंग में उस समय विस्फोट हुआ जब पाकिस्तानी सेना नियंत्रण रेखा पर गश्त कर रही थी। इसके बाद पाकिस्तानी सेना ने बिना उकसावे के गोलीबारी की और संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे सैनिकों ने प्रभावी ढंग से जवाब दिया। भारतीय सेना नियंत्रण रेखा पर मजबूत है। स्थिति नियंत्रण में है।’’
पहले के बयान में उल्लेख किया गया था कि ‘‘नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना की घुसपैठ के कारण कृष्णा घाटी सेक्टर में बारूदी सुरंग में धमाका हुआ।’’
भारत और पाकिस्तान की सेना ने सीमा पार से गोलीबारी और आईईडी हमले की कई घटनाओं के बाद तनाव को कम करने के प्रयास में 21 फरवरी को पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर एक फ्लैग बैठक की थी।
ब्रिगेड-कमांडर स्तर की यह बैठक चक्कन-दा-बाग क्रॉसिंग पॉइंट क्षेत्र में 75 मिनट तक चली जिसमें दोनों पक्षों ने सीमाओं पर शांति बनाए रखने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 02, 2025 04:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

