इस्लामाबाद, 11 जून पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अधिकारियों को अरब सागर में सक्रिय ‘बिपरजॉय’ चक्रवात के मद्देनजर आपातकालीन उपाय करने का आदेश दिया है। चक्रवात के कारण कराची और सिंध प्रांत के निचले इलाकों में बाढ़ तथा आंधी आने की संभावना है।
प्रधानमंत्री ने देश के उत्तर पश्चिम खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के विभिन्न इलाकों में भारी बारिश के मद्देनजर यह आदेश दिया है।
पाकिस्तान की मौसम विज्ञान एजेंसी ने भी अलर्ट जारी कर अधिकारियों को चक्रवात ‘बिपरजॉय’ के मद्देनजर तैयार रहने को कहा है।
इससे पहले, विशेषज्ञों ने अनुमान जताया था कि चक्रवात से पाकिस्तान को कोई खास नुकसान नहीं पहुंचेगा। हालांकि, इसके कारण तटीय इलाकों में बारिश होने के साथ-साथ तेज हवाएं चलेंगी।
पाकिस्तान के मौसम विज्ञान विभाग (पीएमडी) ने शनिवार देर रात एक अलर्ट जारी किया, जिसमें कहा गया है कि पूर्व-मध्य अरब सागर के ऊपर सक्रिय चक्रवात तीव्रता बनाए हुए हैं और पिछले 12 घंटों के दौरान उत्तर-उत्तरपूर्व की ओर बढ़ा है।
‘बिपरजॉय’ चक्रवात बंदरगाह शहर कराची से 840 किमी दूर है और सिंध व बलूचिस्तान प्रांतों के तटीय क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है।
‘द डॉन’ समाचार पत्र की खबर में कहा गया है कि ‘बिपरजॉय’ एक अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले रहा है और अगले 24 घंटों में और मजबूत हो सकता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY