विदेश की खबरें | पाकिस्तान चीनी नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध: इशाक डार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इशाक डार ने कहा कि सरकार देश में रहने वाले चीनी नागरिकों के जीवन और संपत्तियों की सुरक्षा के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
इस्लामाबाद, 30 अक्टूबर पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इशाक डार ने कहा कि सरकार देश में रहने वाले चीनी नागरिकों के जीवन और संपत्तियों की सुरक्षा के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
उन्होंने इस बात को भी रेखांकित किया कि अधिकारियों ने हाल ही में चीन के श्रमिकों पर हुए हमलों में शामिल अधिकतर हमलावरों को कैसे गिरफ्तार किया।
डार ने यह टिप्पणी मंगलवार को ‘पाकिस्तान-चीन संस्थान’ द्वारा आयोजित एक सम्मेलन में की।
इस सम्मेलन का शीर्षक ‘चाइना एट 75: ए जर्नी ऑफ प्रोग्रेस, ट्रांसफॉर्मेशन एंड ग्लोबल लीडरशीप’ था।
‘डॉन समाचार पत्र’ की खबर के मुताबिक, विदेश मंत्री डार ने बिना कोई विवरण दिए अधिकारियों द्वारा हाल की घटनाओं में शामिल कई संदिग्धों के पकड़े जाने की पुष्टि की।
उन्होंने बताया, “अधिकतर हमलावरों को पकड़ लिया गया है।”
डार ने कहा, “हम पाकिस्तान में चीनी लोगों के मान-माल की रक्षा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। इन संदिग्धों को उचित प्रक्रिया के बाद न्याय का सामना करना पड़ेगा और अगले महीने राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की चीन यात्रा के दौरान राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ आगे की जानकारी साझा की जाएगी।”
कराची के हवाई अड्डे के पास इस महीने की शुरुआत में एक आत्मघाती हमला हुआ था, जिसकी जिम्मेदारी बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने ली थी।
इस हमले में दो चीनी नागरिक मारे गए थे और 10 अन्य घायल हो गए थे।
चीनी राजदूत जियांग जैदोंग ने सम्मेलन में इन हमलों को लेकर बीजिंग द्वारा चिंता जाहिर किये जाने की बात कही थी और चीनी नागरिकों व निवेश की सुरक्षा के लिए कार्रवाई का आग्रह किया।
जियांग ने कहा, “चीनी नागरिकों की सुरक्षा राष्ट्रपति शी के लिए सर्वोपरि है।”
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति शी ने कई मौकों पर पाकिस्तानी नेताओं के साथ अपनी बैठकों में इस पर जोर दिया है।
पाकिस्तान में 60 अरब अमेरिकी डॉलर के चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (सीपीईसी) के तत्वावधान में हजारों चीनी कर्मचारी देश में कई परियोजनाओं पर काम कर रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 30, 2024 01:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

