विदेश की खबरें | ईशनिंदा संबंधी सामग्री नहीं हटाने के कारण पाकिस्तान ने विकिपीडिया को ‘ब्लॉक’ किया : मीडिया रिपोर्ट
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तान ने आपत्तिजनक या ईशनिंदा से संबंधित सामग्री को हटाने से इनकार करने के बाद ऑनलाइन विश्वकोष ‘विकिपीडिया’ को ‘ब्लॉक’ कर दिया है। देश के दूरसंचार प्राधिकरण ने शनिवार को यह जानकारी दी।
इस्लामाबाद, चार फरवरी पाकिस्तान ने आपत्तिजनक या ईशनिंदा से संबंधित सामग्री को हटाने से इनकार करने के बाद ऑनलाइन विश्वकोष ‘विकिपीडिया’ को ‘ब्लॉक’ कर दिया है। देश के दूरसंचार प्राधिकरण ने शनिवार को यह जानकारी दी।
विकिपीडिया को काली सूची में डालने की कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब पाकिस्तान दूरसंचार प्राधिकरण (पीटीए) ने कुछ दिन पहले ही विकिपीडिया की सेवा को 48 घंटे के लिए बाधित और धीमा कर दिया था।
विकिपीडिया एक मुफ्त ऑनलाइन विश्वकोश है, जिसे दुनियाभर के लोगों द्वारा बनाया और संपादित किया गया है। इसका संचालन विकिमीडिया फाउंडेशन करता है।
पीटीए के प्रवक्ता मलाहत ओबैद ने कहा कि प्रतिबंध मुख्य रूप से आदेशों का पालन न करने के लिए लगाया गया था।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘अगर विकिपीडिया उन सामग्री को हटा लेता है, जिनकी पहचान विनियामक प्राधिकरण ने धार्मिक रूप से संवेदनशील सामग्री के तौर पर की है, तो इस फैसले पर फिर से गौर किया जा सकता है।’’
पीटीए प्रवक्ता ने इससे पहले कहा था कि विकिपीडिया को नोटिस जारी कर उक्त सामग्री को ब्लॉक करने/हटाने का निर्देश दिया गया था। उसे पेशी का अवसर भी प्रदान किया गया। हालांकि, मंच ने न तो ईशनिंदा सामग्री हटाने के निर्देश का अनुपालन किया और न ही प्राधिकरण के सामने पेश हुआ।
पीटीए के निर्देशों का जानबूझकर अनुपालन नहीं करने के कारण विकिपीडिया की सेवाओं को 48 घंटे के लिए बाधित और धीमा कर दिया गया था।
विकिमीडिया फाउंडेशन ने शुक्रवार को कहा, ‘‘विकिपीडिया पर कौन सी सामग्री शामिल करनी है या उस सामग्री को कैसे रखना है, इस बारे में वह निर्णय नहीं करता है।’’ इसमें कहा गया है कि यह ‘‘यह एक डिजाइन के तहत होता है, जिसमें कई लोग लेख की सामग्री पर काम करते हैं और सुनिश्चित करते हैं कि साइट पर क्या सामग्री होनी चाहिए, जिससे बेहतर, निष्पक्ष सामग्री निकलकर आती है।’’
विकिमीडिया ने कहा, ‘‘शुक्रवार, तीन फरवरी तक हमारे आंतरिक ट्रैफिक रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि विकिपीडिया और विकिमीडिया की परियोजनाएं पाकिस्तान में पहुंच के बाहर हैं।’’
विकिमीडिया ने कहा कि पाकिस्तान में वीकिपीडिया को ब्लॉक करने से दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी आबादी वाले देश के लोगों का मुफ्त ज्ञान तक पहुंच बाधित हो जाएगा। इससे लोग पाकिस्तान के इतिहास और संस्कृति को जानने से वंचित हो जाएंगे।
विकिमीडिया ने कहा, ‘‘हम आशा करते हैं कि पाकिस्तान सरकार मानवाधिकार के रूप में ज्ञान के प्रति प्रतिबद्धता में विकिमीडिया फाउंडेशन के साथ जुड़ी रहेगी और विकिपीडिया तथा विकिमीडिया की परियोजनाओं तक पहुंच को तुरंत बहाल करती रहेगी, ताकि पाकिस्तान के लोग दुनिया के साथ ज्ञान प्राप्त करना और साझा करना जारी रख सकें।’’
पाकिस्तान में सोशल मीडिया की बड़ी कंपनी फेसबुक और यूट्यूब को पूर्व में ईशनिंदा वाली सामग्री को लेकर ‘ब्लॉक’ किया गया था।
दिसंबर 2020 में, पीटीए ने विकिपीडिया और गूगल इंक को ‘‘धार्मिक रूप से संवेदनशील’’ सामग्री के लिए नोटिस जारी किया था और देश ने 2012 से 2016 तक यूट्यूब को ‘ब्लॉक’ कर दिया था।
पाकिस्तान ने हाल के वर्षों में ‘‘अश्लील’’ और ‘‘आपत्तिजनक’’ सामग्री पोस्ट करने से रोकने में विफल रहने पर कई बार वीडियो-शेयरिंग ऐप टिकटॉक को ब्लॉक किया था। मुस्लिम बहुल पाकिस्तान में ईशनिंदा एक संवेदनशील मुद्दा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)