विदेश की खबरें | भारत की ओर से अज्ञात मिसाइल आने का पाकिस्तानी सेना ने किया दावा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी.

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 10 मार्च पाकिस्तानी थल सेना ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि उसने कथित तौर पर भारत से उसके हवाई क्षेत्र में आ रही एक मिसाइल का पता लगाया है, जो पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में गिर गया।

पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल बाबर इफ्तिखार ने मीडिया से कहा, " नौ मार्च को शाम छह बजकर 43 मिनट पर एक तेज गति से उड़ने वाली वस्तु ने भारतीय क्षेत्र से उड़ान भरी और वह अपना मार्ग भटक कर पाकिस्तान के क्षेत्र में प्रवेश कर गयी तथा गिर गयी। उसके गिरने से असैन्य इलाकों को कुछ नुकसान हुआ है, लेकिन इसमें किसी की जान नहीं गई।"

भारत की ओर से इसे लेकर अब तक कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की गयी है।

मेजर जनरल इफ्तिखार ने कहा कि अज्ञात वस्तु(मिसाइल) बुधवार रात पंजाब के खानेवाल जिले के मियां चन्नू इलाके में गिर गयी। इसे सतह से लॉन्च किया गया था। इसका पता चलने पर पाकिस्तान वायु सेना ने अपना तरकीबी अभियान शुरू किया।

उन्होंने कहा, " मिसाइल की उड़ान ने पाकिस्तान और भारत दोनों ही देशों में नागरिकों को खतरे में डाल दिया। भारत को यह बताना चाहिए कि इसका क्या कारण है। यह एक बड़ी विमानन आपदा हो सकती थी।"

उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि इसे मार गिराया नहीं गया बल्कि यह खुद ही गिर गया। यह 40,000 फुट की ऊंचाई से गुजर रहा था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now