देश की खबरें | जम्मू कश्मीर में आातंकवादियों, मादक पदार्थ, हथियार भेजने की कोशिश कर रहा है पाक: डीजीपी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दिलबाग सिंह ने शनिवार को कहा कि पाकिस्तान और आतंकवादियों, मादक पदार्थ और हथियार जम्मू-कश्मीर में भेजने की कोशिश कर रहा है, जहां आतंकवाद में कमी आ रही है और सुरक्षा एजेंसियां आतंकवाद के खात्मे के लिए प्रतिबद्ध हैं।
सांबा/जम्मू, चार मार्च जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दिलबाग सिंह ने शनिवार को कहा कि पाकिस्तान और आतंकवादियों, मादक पदार्थ और हथियार जम्मू-कश्मीर में भेजने की कोशिश कर रहा है, जहां आतंकवाद में कमी आ रही है और सुरक्षा एजेंसियां आतंकवाद के खात्मे के लिए प्रतिबद्ध हैं।
सिंह ने पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास एक कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर के घर से सात किलोग्राम हेरोइन, करीब दो करोड़ रुपये से अधिक और हथियार और गोला-बारूद की बरामदगी को एक बड़ी सफलता करार दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल केंद्र शासित प्रदेश में आतंकवाद के पूरे ढांचे को खत्म करने के लिए काम कर रहे हैं।
डीजीपी ने सांबा जिले में एक समारोह से इतर पत्रकारों से कहा, ‘‘हमने भूमिगत (सुरंगों) और जमीन के ऊपर से घुसपैठ (आतंकवादियों की) पर लगाम लगाई है, लेकिन पाकिस्तान अभी भी बड़ी संख्या में आतंकवादियों की इस ओर घुसपैठ कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।’’
उन्होंने कहा कि घुसपैठ के प्रयास आतंकवादियों की संख्या बढ़ाने और आतंकवाद में बढ़ोतरी करने के लिए किए जाते हैं जिसमें कमी आयी है। सिंह ने कहा कि हालांकि, अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ पुलिस शांति भंग करने के किसी भी प्रयास को विफल करने के लिए सतर्क है और जम्मू कश्मीर से आतंकवाद के खात्मे के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण माहौल को भंग करने की कोशिश करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रमुख ने कहा कि आतंकवादियों की घुसपैठ कराने के प्रयास के अलावा पाकिस्तान इस तरफ मादक पदार्थ और हथियारों की तस्करी के प्रयास में भी शामिल है।
शुक्रवार को पुंछ में मादक पदार्थ और धनराशि जब्त करने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को ‘‘मादक पदार्थ-आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में बहुत बड़ी सफलता मिली है।’’
सिंह ने कहा कि मामले की जांच के दौरान अंतर-राज्य संबंध सामने आने लगे हैं, जिसके अंतरराष्ट्रीय प्रभाव भी हैं क्योंकि "कुछ डॉलर भी जब्त किए गए थे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 04, 2023 08:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

