देश की खबरें | पहलगाम आतंकवादी हमला : गृहमंत्री अमित शाह ने घटनास्थल का दौरा किया

पहलगाम, 23 अप्रैल जम्मू-कश्मीर में पहलगाम के निकट बैसरन में पर्यटक स्थल पर मंगलवार को आतंकवादियों के नृशंस हमले में 26 लोगों के मारे जाने के एक दिन बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बुधवार को घटनास्थल का दौरा किया तथा सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से संवाद किया।

सूत्रों ने बताया कि शाह हेलीकॉप्टर से बैसरन पहुंचे और सुरक्षा अधिकारियों ने उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि गृहमंत्री को घटनाक्रम और उन संभावित मार्गों के बारे में भी बताया गया, जिनसे आतंकवादी घने देवदार के जंगलों से घिरे इस लोकप्रिय पर्यटन स्थल तक पहुंचे।

जम्मू-कश्मीर पुलिस के महानिदेशक नलिन प्रभात और सेना की 15वीं कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल प्रशांत श्रीवास्तव उन वरिष्ठ अधिकारियों में शामिल थे, जो शाह के दौरे के दौरान घटनास्थल पर मौजूद रहे। यह स्थान श्रीनगर से करीब 110 किलोमीटर दूर है।

शाह ने क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण भी किया।

इससे पहले, शाह ने आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए यहां पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित शोक समारोह में पुष्पचक्र अर्पित किया। उन्होंने वहां जोर देकर कहा कि देश आतंकवाद के आगे नहीं झुकेगा और पहलगाम में पर्यटकों की हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

शाह ने दोपहर में अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल का भी दौरा किया और वहां भर्ती कुछ घायलों से मुलाकात की। गृहमंत्री के साथ उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी थे।

आतंकवादियों ने मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में एक प्रमुख पर्यटक स्थल पर हमला किया, जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए और कई घायल हो गए। इनमें ज्यादातर पर्यटक थे।

शाह हमले के कुछ घंटों के भीतर मंगलवार रात को श्रीनगर पहुंचे और उन्हें पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने स्थिति के बारे में जानकारी दी।

गृहमंत्री ने एक सुरक्षा समीक्षा बैठक की भी अध्यक्षता की, जिसमें उपराज्यपाल भी शामिल हुए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)