एजेंसी न्यूज

पहलगाम हमला पाकिस्तान की साजिश, त्रासदी के सहारे ध्रुवीकरण को बढ़ावा दे रही है भाजपा: कांग्रेस

कांग्रेस ने पहलगाम आतंकी हमले को बृहस्पतिवार को भारतीय गणराज्य के मूल्यों पर सीधा हमला करार दिया और कहा कि पाकिस्तान द्वारा रची गई इस साजिश के तहत हिंदू नागरिकों को निशाना बनाया गया ताकि भारत में भावनाएं भड़काई जा सकें.

पहलगाम हमला पाकिस्तान की साजिश, त्रासदी के सहारे ध्रुवीकरण को बढ़ावा दे रही है भाजपा: कांग्रेस

नयी दिल्ली, 24 अप्रैल : कांग्रेस ने पहलगाम आतंकी हमले को बृहस्पतिवार को भारतीय गणराज्य के मूल्यों पर सीधा हमला करार दिया और कहा कि पाकिस्तान द्वारा रची गई इस साजिश के तहत हिंदू नागरिकों को निशाना बनाया गया ताकि भारत में भावनाएं भड़काई जा सकें. पार्टी ने कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक के बाद यह आरोप भी लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस गंभीर त्रासदी का फायदा उठाकर ध्रुवीकरण और विभाजन को बढ़ावा दे रही है. कार्यसमिति ने यह भी कहा कि ‘सुरक्षा तंत्र की कमियों और व्यवस्थागत चूक’ की जांच होनी चाहिए.

पार्टी ने अपनी कार्यसमिति की बैठक के बाद यह भी कहा कि उन खुफिया विफलताओं और सुरक्षा खामियों का व्यापक विश्लेषण किया जाना चाहिए, जिनके कारण केंद्र शासित प्रदेश में इस तरह का हमला हुआ. कार्यसमिति की बैठक में यह तय हुआ कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद बृहस्पतिवार शाम होने वाली सर्वदलीय बैठक में कांग्रेस की ओर से, संसद के दोनों सदनों के नेता प्रतिपक्ष शामिल होंगे. बैठक के बाद कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कार्य समिति द्वारा पारित प्रस्ताव पढ़ा. प्रस्ताव में कहा गया है, ‘‘कांग्रेस कार्यसमिति 22 अप्रैल, 2025 को जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में हुए भयावह आतंकी हमले पर गहरा शोक और कड़ी निंदा व्यक्त करती है. इस जघन्य हमले में 26 निर्दोष पर्यटकों की जान चली गई और 20 से अधिक गंभीर रूप से घायल हो गए. कार्यसमिति शोकसंतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करती है और इस गहन पीड़ा की घड़ी में उनके साथ पूरी तरह से एकजुटता के साथ खड़ी है.’’ कार्यसमिति ने कहा कि यह कायराना और सुनियोजित आतंकी हमले की साजिश पाकिस्तान द्वारा रची गई और यह भारतीय गणराज्य के मूल्यों पर सीधा हमला है. यह भी पढ़ें : ओडिशा: पहलगाम हमले में मारे गए प्रशांत सत्पथी की चिता को नौ साल के उनके बेटे ने दी मुखाग्नि

उसने यह भी कहा कि हिंदू नागरिकों को जानबूझकर निशाना बनाना पूरे देश में भावनाएं भड़काने की एक सोची-समझी साज़िश थी. प्रस्ताव में कहा गया है, ‘‘हम इस गंभीर उकसावे के बावजूद शांति बनाए रखने की अपील करते हैं और संकट की इस घड़ी में हमारी सामूहिक शक्ति को दोहराते हैं. कांग्रेस कार्यसमिति शांति की अपील करती है और सीमा-पार आतंकवाद के खिलाफ दृढ़ता और एकता के साथ लड़ने के लिए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दोहराती है.’’ उसने कहा, ‘‘कार्यसमिति उन स्थानीय खच्चर वालों और पर्यटक गाइडों को भी श्रद्धांजलि अर्पित करती है, जिनमें से एक ने पर्यटकों की रक्षा करते हुए शहादत दी. उनका यह वीरतापूर्ण बलिदान उस भारत की मूल भावना को सजीव करता है, जहां निःस्वार्थ सेवा, मानवता और एकता सर्वोपरि है.’’ उसने कहा, ‘‘राष्ट्र की सामूहिक इच्छाशक्ति को अभिव्यक्त करने के लिए कांग्रेस ने 22 अप्रैल की रात को ही माननीय प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक बुलाने का आग्रह किया था. यह बैठक आज के लिए निर्धारित की गई है.’’ कार्यसमिति ने ‘सुरक्षा तंत्र की कमियों और व्यवस्थागत चूक’ को लेकर भी जांच की मांग की.

उसने कहा, ‘‘यह ध्यान देने योग्य है कि पहलगाम एक अत्यंत सुरक्षित क्षेत्र माना जाता है, जहाँ त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू है. ऐसे में यह आवश्यक है कि इस केंद्रशासित प्रदेश — जो सीधे केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन है — में हुए इस हमले की पृष्ठभूमि में सुरक्षा तंत्र की कमियों और व्यवस्थागत चूक की विस्तृत और निष्पक्ष जांच की जाए. इन सवालों को जनहित में उठाना जरूरी है, ताकि प्रभावित परिवारों को न्याय होता हुआ स्पष्ट रूप से नजर आ सके.’’

कार्यसमिति ने अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की पैरवी की. प्रस्ताव में कहा गया है, ‘‘कांग्रेस कार्यसमिति यह भी नोट करती है कि अमरनाथ यात्रा शीघ्र ही प्रारंभ होने वाली है. देशभर से लाखों श्रद्धालु इस वार्षिक यात्रा में भाग लेते हैं और उनकी सुरक्षा को राष्ट्रीय प्राथमिकता के रूप में देखा जाना चाहिए. इसके लिए ठोस, पारदर्शी और सक्रिय सुरक्षा उपाय तुरंत लागू किए जाने चाहिए.’’ उसने कहा, ‘‘श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर के उन लोगों की आजीविका की भी रक्षा की जानी चाहिए, जिनका जीवन पर्यटन पर निर्भर करता है — यह कार्य पूर्ण ईमानदारी और गंभीरता के साथ किया जाना चाहिए.’’

कार्यसमिति ने दावा किया, ‘‘इस नरसंहार की जम्मू-कश्मीर के सभी राजनीतिक दलों और समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा सर्वसम्मति से निंदा की गई है. किंतु यह अत्यंत चौंकाने वाली बात है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस गंभीर त्रासदी का दुरुपयोग अपने आधिकारिक और परोक्ष सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से और अधिक वैमनस्य, अविश्वास, ध्रुवीकरण और विभाजन फैलाने के लिए कर रही है — जबकि इस समय सबसे अधिक आवश्यकता एकता और एकजुटता की है.’’ कार्यसमिति ने कहा कि बैठक में दो मिनट मौन रखकर पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई.

वेणुगोपाल ने कहा कि सर्वदलीय बैठक में कांग्रेस की ओर से दोनों नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी बैठक में जा रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पहलगाम हमले के पीड़ितों के सम्मान में और आतंकवाद के खिलाफ शुक्रवार शाम देशभर में ‘कैंडल मार्च’ निकालेगी. बैठक के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम अहमद मीर ने दावा किया कि पहलगाम हमले को लेकर सुरक्षा और खुफिया नाकामी का भी सवाल उठता है. उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी खबर है कि कुछ जानकारी पहले से थी. ऐसे में हमारी एजेंसियों और सुरक्षा से जुड़े लोगों को ज्यादा सजग रहना चाहिए था. यह हमारी चिंता है.’’

मीर ने कहा कि वहां उतनी सुरक्षा नहीं थी जैसे पहले होती थी. पार्टी के पुराने मुख्यालय "24 अकबर रोड" पर हुई इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कार्य समिति के कई अन्य सदस्य मौजूद थे.

राहुल गांधी इस हमले के बाद अपना अमेरिका दौरा बीच में ही रद्द करके स्वदेश पहुंचे और इस बैठक में शामिल हुए. आतंकवादियों ने मंगलवार की दोपहर को कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर गोलीबारी की, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गयी. इस आतंकी हमले में मारे गये लोगों में ज्यादातर पर्यटक थे.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 24, 2025 04:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).