देश की खबरें | पहलगाम हमला : जम्मू-कश्मीर से 500 से अधिक पर्यटक महाराष्ट्र लौटे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद महाराष्ट्र के 500 से अधिक पर्यटक जम्मू-कश्मीर से वापस लौट आए हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार शाम को यह जानकारी दी।

मुंबई, 24 अप्रैल दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद महाराष्ट्र के 500 से अधिक पर्यटक जम्मू-कश्मीर से वापस लौट आए हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार शाम को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को विशेष उड़ान से 232 और पर्यटक आएंगे।

जम्मू एवं कश्मीर में मंगलवार को हुए हमले में मारे गए 26 लोगों में महाराष्ट्र के छह पर्यटक भी थे।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि राज्य सरकार ने इंडिगो और एयर इंडिया की एक-एक विशेष उड़ान की व्यवस्था की है। इसमें कहा गया है कि मुंबई में 184 पर्यटक पहुंचे हैं, हालांकि अन्य पर्यटक कैसे लौटे, इसकी जानकारी नहीं दी गई है।

सीएमओ के मुताबिक शुक्रवार को 232 अन्य पर्यटकों को विशेष उड़ान से वापस लाया जाएगा।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना के बाद आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन को कश्मीर जाने को कहा था।

बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार को महाजन के साथ स्थिति की समीक्षा की। फडणवीस ने कहा कि अगर बचे हुए पर्यटकों को वापस लाने के लिए और उड़ानों की ज़रूरत पड़ी तो राज्य सरकार इसका खर्च वहन करेगी।

महाजन ने श्रीनगर के सेना अस्पताल में इलाज करा रहे महाराष्ट्र के घायल पर्यटकों से मुलाकात की। इस दौरान फडणवीस ने उनमें से कुछ से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की और उनका इलाज कर रहे चिकित्सकों को धन्यवाद दिया।

सीएमओ ने कहा कि राज्य सरकार को पूरे महाराष्ट्र से कश्मीर में फंसे पर्यटकों के लिए वहां रहने की सुविधा की मांग प्राप्त हो रही है। उसने कहा कि अमरावती के 14 पर्यटकों के लिए जम्मू के कालिका धाम में ठहरने की व्यवस्था की गई है।

इसमें कहा गया है कि कुछ पर्यटक जम्मू से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं और राष्ट्रीय राजधानी में उनके ठहरने की व्यवस्था की जा रही है।

सीएमओ के मुताबिक शुक्रवार को श्रीनगर से आने वाली विशेष उड़ान अकोला और अमरावती के पर्यटकों को लेकर आएगी।

इस बीच, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना ने एक अलग विज्ञप्ति में कहा कि राज्य के 520 पर्यटक चार विशेष उड़ानों से वापस लौटे हैं। पार्टी ने कहा कि इन उड़ानों की व्यवस्था करने की पहल पार्टी ने की थी।

शिंदे बुधवार शाम श्रीनगर के लिए रवाना हुए थे।

शिवसेना के मुताबिक स्टार एयरलाइंस की एक उड़ान बृहस्पतिवार की सुबह 75 पर्यटकों को वापस ले आई, जबकि शाम तक आकास एयर की दो उड़ानों से 370 पर्यटक वापस आए। विज्ञप्ति के मुताबिक पार्टी ने उन्हें घर ले जाने के लिए बसों की भी व्यवस्था की।

इसमें कहा गया है कि स्टार एयरलाइंस का एक अन्य विमान 75 पर्यटकों को लेकर मुंबई के लिए रवाना हो गया है।

महाजन ने श्रीनगर में 10 से 15 होटलों का दौरा किया, जहां महाराष्ट्र के पर्यटक ठहरे हुए थे। उन्होंने कहा कि उनमें से कई के पास पहले से ही वापसी के टिकट हैं, लेकिन वे अपनी यात्रा पहले ही समाप्त करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘घटना के कारण पैदा हुए डर के कारण उनमें से अधिकांश अपनी यात्रा पहले ही खत्म करना चाहते हैं। लेकिन मैंने उनसे जल्दबाजी नहीं करने का आग्रह किया। स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा बल मौजूद हैं।’’

महाजन ने कहा, ‘‘जिनके पास आगामी दिनों के लिए टिकट हैं, उन्हें घबराना नहीं चाहिए। इतनी सारी उड़ानों की व्यवस्था तुरंत नहीं की जा सकती।’’

उन्होंने कहा कि इंडिगो और एअर इंडिया जैसी एयरलाइनों ने स्थिति को आसान बनाने में मदद के लिए पहले ही अतिरिक्त उड़ानों की व्यवस्था कर दी है।

महाजन ने कहा, ‘‘कुछ इलाकों में फोन ‘कनेक्टिविटी’ की भी समस्या है और हम इसे भी सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं।’’

हवाई किराए में वृद्धि की चिंताओं पर उन्होंने कहा कि अंतिम समय में लिए जाने पर टिकट महंगे होते हैं क्योंकि यह पर्यटन के लिहाज से बेहद व्यस्त समय होता है।

उन्होंने कहा, ‘‘महाराष्ट्र सरकार उन लोगों के टिकट का खर्च उठा रही है जिन्हें तत्काल वापस लौटना है। डरने की कोई जरूरत नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कई पर्यटक अपने परिवार और छोटे बच्चों के साथ कश्मीर में हैं। उनके रिश्तेदार स्वाभाविक रूप से चिंतित हैं। मैंने 28 लोगों के एक समूह से मुलाकात की, जिनके पास शुक्रवार का टिकट हैं, लेकिन वे आज वापस जाना चाहते हैं, यह संभव नहीं है।’’

महाजन ने कहा कि जो लोग सड़क मार्ग से यात्रा कर रहे हैं या लंबे समय से रुके हैं, उन्हें वापसी के लिए प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम वापस आने वाले पर्यटकों को समायोजित करने के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था करने या मौजूदा रेलों में अतिरिक्त कोच जोड़ने के लिए रेल मंत्रालय के साथ भी चर्चा कर रहे हैं।’’

महाजन ने विश्वास व्यक्त किया कि स्थिति जल्द सामान्य हो जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने मुझे व्यक्तिगत रूप से यहां (कश्मीर में) आने के लिए कहा है और वह हर दो घंटे में मुझसे संपर्क में हैं। अब ज्यादातर पर्यटक शांत हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने सभी को आश्वासन दिया है कि उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित महाराष्ट्र वापस लाया जाएगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

SRH vs CSK, IPL 2026 27th Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा सनराइजर्स हैदराबाद बनाम चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

GT vs KKR, IPL 2026 25th Match Scorecard: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुभमन गिल ने कोलकाता नाइट राइडर्स के उम्मीदों पर फेरा पानी, 5 विकेट से मिली करारी हार; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

SRH vs CSK, IPL 2026 27th Match Stats And Preview: टूर्नामेंट के 27वें मुकाबले में जीत की राह पर लौटना चाहेंगी सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपरकिंग्स, मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू

RCB vs DC, IPL 2026 26th Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम दिल्ली कैपिटल्स के बीच रोमांचक मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी