जरुरी जानकारी | छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर किसानों से 14 नवंबर से धान खरीदी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर किसानों से 14 नवंबर से धान खरीदी करने का फैसला किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

रायपुर, 16 अक्टूबर छत्तीसगढ़ सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर किसानों से 14 नवंबर से धान खरीदी करने का फैसला किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज यहां आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल की बैठक में विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन तथा कस्टम मिलिंग की नीति का अनुमोदन किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि मंत्रिमंडलीय उप समिति की अनुशंसा के आधार पर राज्य में खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के दौरान समर्थन मूल्य पर राज्य के किसानों से नकद एवं लिंकिंग में धान खरीदी 14 नवंबर, 2024 से शुरू करने निर्णय लिया गया। राज्य में धान खरीदी 31 जनवरी, 2025 तक की जाएगी।

उन्होंने बताया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए कृषि विभाग द्वारा एकीकृत किसान पोर्टल के माध्यम से किसान पंजीयन की प्रक्रिया जारी है, जो 31 अक्टूबर तक चलेगी। वर्ष 2024-25 में 160 लाख टन धान के उपार्जन का अनुमान है।

अधिकारियों ने बताया कि धान खरीदी के लिए 4.02 लाख गठान नए जूट बारदाना क्रय करने की स्वीकृति दी गई है।

उन्होंने बताया कि राज्य में विशुद्ध रूप से राजनीतिक आंदोलनों से संबंधित प्रकरणों को जनहित में न्यायालय से वापस लिये जाने के संबंध में गठित मंत्रिपरिषद की उपसमिति द्वारा अनुशंसित 49 प्रकरणों को न्यायालय से वापस लिए जाने का निर्णय लिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि मंत्रिमंडल ने छत्तीसगढ़ की औद्योगिक नीति 2019-24 के तहत स्टील डाउन स्ट्रीम प्रोजेक्ट्स, एथनॉल इकाइयों तथा सीमेंट उद्योगों के लिये विशेष निवेश प्रोत्साहन पैकेज के निर्धारण का अनुमोदन किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\