शांतिनिकेतन (बंगाल), एक सितंबर पाठ भवन स्कूल के एक पूर्व छात्र ने बंगाल के बीरभूम जिले में विश्व भारती विश्वविद्यालय के लिए छह करोड़ रुपये की जमीन और एक इमारत उपहार में दी है।
पाठ भवन विश्व भारती विश्वविद्यालय का प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा संस्थान है और यह विश्वविद्यालय परिसर में स्थित है।
पाठ भवन स्कूल के पूर्व छात्र और भौतिक विज्ञान में कई पेटेंट हासिल वाले वैज्ञानिक अरबिंद मुखर्जी और उनकी पत्नी सेवानिवृत्त शिक्षक नीता मुखर्जी ने विश्व भारती विश्वविद्यालय को सिमंता पल्ली इलाके में 31 हजार वर्ग फुट से अधिक भूमि और पांच हजार वर्ग फुट में बनी एक इमारत भेंट की है।
मुखर्जी ने पाठ भवन स्कूल में 1951-57 के बीच पढ़ाई की थी।
विश्व भारती के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘यह उनकी मालिकाना संपत्ति है। दंपति और उनके बेटे तथा बेटी ने बिना शर्त संपत्ति को दान किया है। वर्तमान में बाजार में इसकी कीमत करीब छह करोड़ रुपये है।’’
औपचारिक तौर यह संपत्ति बृहस्पतिवार को सौंप दी गई।
मुखर्जी ने कहा, ‘‘इसी स्कूल (पाठ भवन) में मेरी नींव तैयार हुई। मैंने न केवल अलग-अलग विषय सीखे बल्कि विश्व भारती ने मेरे जीवन को गढ़ा है। मेरे लिए यहां की हर चीज सुन्दर है। अब आश्रम अधिक अनुशासित हो गया है। मुझे शांतिनिकेतन से प्यार है और मुझे लगता है कि उसका ऋण चुकाने का यह सही समय है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY