देश की खबरें | जम्मू कश्मीर में त्वरित भर्ती के तहत 9,000 से अधिक रिक्तियां भरी गईं

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू कश्मीर में त्वरित भर्ती के तहत विभिन्न विभागों में 9,000 से अधिक रिक्त पदों पर नियुक्तियां की गयी हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

जम्मू, 13 नवंबर जम्मू कश्मीर में त्वरित भर्ती के तहत विभिन्न विभागों में 9,000 से अधिक रिक्त पदों पर नियुक्तियां की गयी हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक इस साल के अंत तक 5,000 अतिरिक्त पदों के लिए चयन को अंतिम रूप दिया जाएगा।

अधिकारियों ने कहा कि सरकार ने पारदर्शी तरीके से केंद्रशासित प्रदेश में अब तक का सबसे बड़ा भर्ती अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि राजपत्रित, अराजपत्रित और चतुर्थ श्रेणी के रिक्त पदों की पहचान के लिए एक त्वरित समिति का गठन किया गया था।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा, “फास्ट ट्रैक भर्ती के तहत पिछले साल जुलाई से लेकर अब तक जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (एसएसबी) द्वारा 20,323 रिक्त पदों का विज्ञापन किया गया था और वर्तमान में 9,205 पदों के संबंध में चयन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। 31 दिसंबर तक करीब 5,000 और रिक्त पदों पर चयन को अंतिम रूप दिया जाएगा।”

प्रवक्ता ने कहा कि शेष पदों की चयन प्रक्रिया कौशल परीक्षा, सीबीआरटी (कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा) और दस्तावेज सत्यापन जैसे विभिन्न चरणों में पहुंच गई है।

प्रवक्ता ने कहा कि जम्मू कश्मीर लोक सेवा आयोग (पीएससी) और एसएसबी द्वारा की जा रही विभिन्न भर्तियों की प्रगति की समीक्षा के लिए यहां सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) के आयुक्त सचिव मनोज कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में एक बैठक भी हुई।

प्रवक्ता के मुताबिक केवल सात दिनों के भीतर चतुर्थ श्रेणी के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए 4,600 नियुक्ति पत्र जारी किए गए।

उन्होंने कहा कि जेकेपीएससी द्वारा विभिन्न विभागों में राजपत्रित पदों के लिए 2,119 उम्मीदवारों का चयन किया गया है और 726 उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया प्रगति पर है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\