देश की खबरें | ओडिशा ट्रेन हादसे में आंध्र प्रदेश के 700 से अधिक यात्री बाल-बाल बचे, एक की मौत : बोत्सा सत्यनारायण

विशाखापत्तनम, चार जून ओडिशा में हुई भीषण रेल दुर्घटना में आंध्र प्रदेश के एक व्यक्ति की मौत हुई है और 22 लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि राज्य के लगभग 700 यात्री बाल-बाल बच गए हैं। आंध्र प्रदेश के एक मंत्री ने रविवार को यह जानकारी दी।

शिक्षा मंत्री बोत्सा सत्यनारायण ने कहा कि आंध्र प्रदेश सरकार ने पहचान की है कि हादसे का शिकार हुईं दो ट्रेन शालीमार-चेन्नई कोरोमंडल एक्सप्रेस और एसएमवीटी बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस में राज्य के 695 यात्री सवार थे।

मंत्री के मुताबिक, दुर्घटना में मारे गए व्यक्ति की पहचान गुरुमूर्ति के रूप में की गयी है, जो श्रीकाकुलम जिले के सोंथाबोम्मली गांव का रहने वाला था।

राज्य सरकार की ओर से जारी एक वीडियो लिंक में सत्यनारायण में कहा, ‘‘ वह (गुरुमूर्ति) ओडिशा में काम करते थे और सेवानिवृत्ति के बाद अपनी पेंशन लेने के लिए वहां गए थे, तभी यह दुर्घटना हुई। उनके परिवार के सदस्य वहीं थे और कल शनिवार को शव का दाह संस्कार किया गया था। ’’

मंत्री के अनुसार, आंध्र प्रदेश के 480 लोग कोरोमंडल एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे थे और 211 अन्य ट्रेन में थे, जिनमें से 107 तिरुपति में उतर गए थे।

सत्यनारायण ने बताया कि पूछताछ करने पर पता चला कि जीवित बचे लोगों में से 553 लोगों को किसी प्रकार की कोई चोट नहीं लगी है और वे अपने घरों को लौट गए हैं।

हालांकि, बचे हुए 22 लोगों को मामूली चोटें आईं हैं, जिनमें से एक को सिर में गंभीर चोट लगी थी, जबकि 28 यात्रियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं, जिनसे संपर्क नहीं हो सका।

उन्होंने कहा कि सरकार ने आपदा प्रबंधन और पुलिस विभागों के अधिकारियों को इन 28 लोगों की पहचान करने का निर्देश दिया गया है, जिसमें उनके फोन का पता लगाने और उनके घरों में जाने की कोशिश करना शामिल है।

सत्यनारायण ने कहा कि घायलों में से विशाखापत्तनम के अस्पतालों में पांच का इलाज चल रहा है, चार लोग अस्पताल में आ रहे हैं, जबकि 11 लोग जांच कराने के बाद घर लौट गए हैं।

इसके अलावा, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने अधिकारियों को मृतकों के लिए 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों के लिए दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों के लिए एक लाख रुपये की आपातकालीन अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)