एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | उत्तर भारत में सर्दी का प्रकोप, दिल्ली में मौसम का सबसे कम तापमान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर भारत में रविवार को सर्दी का प्रकोप जारी रहा और जम्मू कश्मीर तथा हिमाचल प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे चला गया, वहीं दिल्ली में इस मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया।

देश की खबरें | उत्तर भारत में सर्दी का प्रकोप, दिल्ली में मौसम का सबसे कम तापमान
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 20 दिसंबर उत्तर भारत में रविवार को सर्दी का प्रकोप जारी रहा और जम्मू कश्मीर तथा हिमाचल प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे चला गया, वहीं दिल्ली में इस मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में मौसम की सबसे सर्द सुबह रही और तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा,“सफदरजंग वेधशाला में रविवार सुबह तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।”

लोधी रोड में तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आईएमडी की ओर से बताया गया कि बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से चलने वाली बर्फीली हवाओं के कारण शहर में ठंड का प्रकोप बरकरार है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच से छह दिन तक न्यूनतम तापमान करीब पांच डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

कश्मीर में विभिन्न स्थानों पर न्यूनतम तापमान में रविवार को थोड़ा सुधार हुआ लेकिन घाटी में रात में पारा शून्य से नीचे बना हुआ है। वहीं 40 दिन का चिल्लई कलां का दौर सोमवार से शुरू होने जा रहा है जिस दौरान जबर्दस्त सर्दी पड़ती है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि आसमान में बादल छाए रहने की वजह से कल रात समूची कश्मीर घाटी में तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई लेकिन न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि सर्दी की वजह से घाटी के कई इलाकों में पानी की लाइनें और जलाशयों में पानी जम गया।

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इससे एक रात पहले पारा शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे तक चला गया था।

मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा है कि इस महीने के अंत तक केंद्र शासित प्रदेश में भारी बर्फबारी का अनुमान नहीं है जबकि कश्मीर के कुछ स्थानों पर सोमवार को हल्की बर्फबारी हो सकती है।

हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फीली हवाएं चल रही हैं और कई स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे चला गया है।

शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग राज्य में सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है जहां तापमान शून्य से 11 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।

केलांग, काल्पा, मनाली और मंडी में पिछले 24 घंटे में तापमान शून्य से नीचे रहा।

पंजाब और हरियाणा में पिछले कुछ दिन से सर्द हवाओं का प्रकोप जारी है और मौसम विभाग के अनुसार आदमपुर में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया जो शून्य डिग्री सेल्सियस के स्तर पर रहा।

आदमपुर जहां पंजाब में सबसे ठंडा स्थान रहा, वहीं अमृतसर में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है।

हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

राजस्थान के ज्यादातर इलाकों में भी कड़ाके की सर्दी से मामूली राहत मिली है जहां बीती शनिवार रात न्यूनतम तापमान माउंट आबू में शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों में राजस्थान के ज्यादातर भागों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने और सोमवार से राज्य में शीतलहर से राहत मिलने का अनुमान व्यक्त किया है।

प्रदेश के मैदानी इलाकों में चुरू में यह मामूली सुधार के साथ 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा सीकर में 2.0 डिग्री सेल्सियस, भीलवाड़ा में यह 2.8 डिग्री सेल्सियस, पिलानी में 2.9 डिग्री सेल्सियस, चित्तौड़गढ़ में 4.0 डिग्री सेल्सियस, वनस्थली में 5.2 डिग्री सेल्सियस, श्रीगंगानगर में 5.9 डिग्री सेल्सियस व कोटा में 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी जयपुर में रात का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा हालांकि रविवार को भी सुबह से ही अच्छी धूप खिली रही।

आईएमडी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर ‘ठंडे दिन’ के हालात रहे।

राज्य में मुजफ्फरनगर दो डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे सर्द स्थान रहा। लखनऊ में तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं इलाहाबाद में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आईएमडी के अनुसार “ठंडा दिन” तब होता है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होता है और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे होता है।

“बेहद ठंडा दिन” तब होता है जब अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे होता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 20, 2020 08:55 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).