देश की खबरें | दिल्ली में 503 पृथक-वास कोचों में से 317 आज रात तक तैयार होंगे :रेलवे
जियो

नयी दिल्ली, 17 जून उत्तर रेलवे ने बुधवार को कहा कि दिल्ली में विभिन्न स्टेशनों पर लगाए गए 503 पृथक-वास रेल कोचों में से 317 डिब्बे आज रात तक कोरोना वायरस रोगियों के लिए तैयार हो जाएंगे और बाकी कोच बृहस्पतिवार तक तैयार होंगे।

अधिकारियों ने बताया कि रेलवे ने दिल्ली के नौ स्टेशनों पर 503 कोच कोरोना वायरस संक्रमितों के पृथक-वास के लिए लगाए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वैश्विक महामारी कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के उपायों के तहत यह घोषणा की थी।

यह भी पढ़े | झारखंड में आज कोरोना के 56 नए मामले सामने आए, 1 की मौत : 17 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

शाह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ रविवार को दिल्ली में कोविड-19 के हालात को लेकर बैठक के बाद यह घोषणा की थी। दिल्ली में अब तक 44,688 लोग संक्रमित मिले हैं और 1,837 लोगों की जान संक्रमण की वजह से जा चुकी है।

उत्तर और उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक राजीव चौधरी ने कहा कि सारे कोच बृहस्पतिवार तक कोरोना वायरस के रोगियों को रखने के लिए पूरी तरह तैयार होंगे। इनमें से 317 में आज रात से ही रोगियों को रखा जा सकता है।

यह भी पढ़े | राजस्थान निजी बस ऑपरेटरों का तीन महीने का वाहन कर माफ.

उन्होंने कहा कि प्रत्येक कोच में 16 रोगियों को रखा जा सकता है। इस तरह 503 कोच में करीब 8,000 बिस्तर होंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि रेलवे इस बात का पूरा ध्यान रख रहा है कि बोगियों के अंदर विभिन्न तरीके अपनाकर तापमान कम रखा जाए।

उन्होंने कहा, ‘‘पृथक-वास कोचों में तापमान एक मुद्दा है। लेकिन चिकित्सा विशेषज्ञों की राय में तापमान से रोगियों को नुकसान नहीं होगा। हमने अनेक तरीकों से डिब्बों को ठंडा करने के इंतजाम किए हैं।’’

चौधरी ने कहा, ‘‘सभी कोच में पंखे हैं, हमारे पास एक पेंट है जो तापमान कम करता है, हम पानी छिड़क सकते हैं। हम आपको विश्वास दिलाते हैं कि तापमान असहनीय नहीं होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘शकूर बस्ती स्टेशन पर एक शेड है, तो वहां तापमान कम ही है। अन्य स्थानों पर हम विभिन्न चीजों के साथ प्रयोग कर रहे हैं।’’

एक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि रेलवे ने उत्तर और उत्तर मध्य जोन के पृथक-वास के लिए तैयार किये गये कोचों में से सौ बोगियों की छतों को अनुसंधान डिजाइन और मानक संगठन के मानकों के अनुसार इंसुलेट करने का प्रयोग शुरू किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)