देश की खबरें | अन्य देशों ने हमारी क्षमताओं को पहचाना: भारत-अमेरिका परमाणु साझेदारी पर जितेंद्र सिंह ने कहा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने अमेरिका के ‘नेशनल साइंस फाउंडेशन’ और भारत के अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन (एएनआरएफ) के बीच साझेदारी का जिक्र करते हुए शुक्रवार को कहा कि यह दर्शाता है कि अन्य देशों ने भारत की क्षमताओं को पहचानना शुरू कर दिया है।

अहमदाबाद, 14 फरवरी केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने अमेरिका के ‘नेशनल साइंस फाउंडेशन’ और भारत के अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन (एएनआरएफ) के बीच साझेदारी का जिक्र करते हुए शुक्रवार को कहा कि यह दर्शाता है कि अन्य देशों ने भारत की क्षमताओं को पहचानना शुरू कर दिया है।

अहमदाबाद में संवाददाताओं से बातचीत में सिंह ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही थे, जिन्होंने एएनआरएफ के लिए 50,000 करोड़ रुपये मंजूर किए थे। उन्होंने कहा कि मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान दोनों देशों की ओर से जारी संयुक्त बयान में इस साझेदारी का जिक्र किया गया है।

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री ने कहा, “आज जारी भारत-अमेरिका संयुक्त बयान में यह घोषणा की गई है कि अमेरिका का नेशनल साइंस फाउंडेशन और भारत का अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन साथ मिलकर काम करेंगे। इससे हमारी अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।”

उन्होंने कहा, “यह घटनाक्रम दर्शाता है कि अमेरिका और अन्य देशों ने भारत की क्षमताओं को पहचानना शुरू कर दिया है। वे अब समझ गए हैं कि हम भी सक्षम हैं। इस बदलाव के पीछे प्रधानमंत्री मोदी और उनका नेतृत्व है।”

सिंह संवादादाताओं से केंद्रीय बजट के बारे में बातचीत के लिए अहमदाबाद में थे। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से पेश बजट प्रधानमंत्री मोदी के भविष्योन्मुखी दृष्टिकोण को दर्शाता है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, “यह बजट साहस, दृढ़ विश्वास और क्रांतिकारी फैसलों से भरा हुआ है। पहले कहा जाता था कि मध्यम वर्ग की अनदेखी की जा रही है। अब 12 लाख रुपये से कम आय को कर मुक्त कर दिया गया है, जिससे बड़ी आबादी को लाभ हुआ है। 2014 में 12 लाख रुपये की आय पर 1.90 लाख रुपये आयकर लगता था। अब यह शून्य हो गया है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\