नयी दिल्ली, 21 फरवरी भारत, दक्षिण अफ्रीका और अमेरिका सहित कई देशों के विशेषज्ञों ने बच्चों की आंखों के स्वास्थ्य के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए दो दिवसीय ऑनलाइन संगोष्ठी आयोजित की। आयोजकों ने यह जानकारी दी।
यह कार्यक्रम बृहस्पतिवार शाम को शुरू हुआ, जिसमें अमेरिका के कैलिफोर्निया और अन्य स्थानों से कई स्वास्थ्य विशेषज्ञ, विद्वान, नेत्र रोग विशेषज्ञ शामिल हुए।
आयोजकों ने बताया कि ‘बाल नेत्र स्वास्थ्य संगोष्ठी : कार्रवाई का आह्वान’ शीर्षक से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों की आंखों के स्वास्थ्य के भविष्य को आकार देने में मदद करना और इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर जागरूकता पैदा करना है।
आयोजकों के एक प्रतिनिधि ने कहा कि इस पहल में ‘वन स्कूल एट ए टाइम‘, ‘बर्कले विजन’; ‘इंडिया विजन इंस्टीट्यूट’ (आईवीआई); ‘वनसाइट एस्सिलोर लक्सोटिका फाउंडेशन’; और ‘यूनिसेफ’ भाग ले रहे हैं।
प्रतिनिधि ने कहा कि आज के बच्चे कल वयस्क बनेंगे, इसलिए समय रहते कदम उठाने का मतलब है कि स्थिति बिगड़ने से पहले उनकी आंखों को ठीक करना या उनकी रक्षा करना।
आयोजकों ने कहा कि बड़ी संख्या में बाल नेत्र स्वास्थ्य विशेषज्ञों, सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों और अन्य प्रतिनिधियों ने संगोष्ठी के लिए पंजीकरण कराया है और वे संबंधित चुनौतियों से निपटने और समाधान खोजने की तत्काल आवश्यकता पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
‘इंडिया विजन इंस्टीट्यूट’ (आईवीआई) सम्मेलन का समन्वय कर रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY