आयोजकों ने कहा, गोवा राष्ट्रीय खेलों के लिए टीमों के आश्वासन की जरूरत
दुनिया भर में कोरोना वायरस महामारी के प्रकोप के बीच गोवा सरकार ने खेलों के आयोजन को लेकर भविष्य के कदमों पर भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) से स्पष्टीकरण मांगा है।
नयी दिल्ली, 28 अप्रैल आयोजकों ने कहा है कि कोविड-19 महामारी के बावजूद गोवा की मेजबानी में होने वाले 36वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारी चल रही है लेकिन प्रतियोगिता का समय पर आयोजन प्रतिस्पर्धी टीमों के प्रतिनिधित्व के आश्वासन पर निर्भर करेगा।
दुनिया भर में कोरोना वायरस महामारी के प्रकोप के बीच गोवा सरकार ने खेलों के आयोजन को लेकर भविष्य के कदमों पर भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) से स्पष्टीकरण मांगा है।
आईओए महासचिव राजीव मेहता को लिखे पत्र में गोवा के खेल सचिव अशोक कुमार ने कहा कि 31 मई तक खेलों को लेकर सभी तैयारियां जारी रहेंगी जिसके बाद हम स्थिति का आकलन करेंगे।
अशोक कुमार ने लिखा, ‘‘गंभीर स्थिति होने के बावजूद मैं आश्वस्त करना चाहता हूं कि गोवा सरकार और आयोजन समिति पूरी प्रतिबद्धता के साथ राष्ट्रीय खेलों से जुड़े मामलों को देख रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी पर चर्चा हुई और आंतरिक तौर पर फैसला किया गया कि 31 मई तक सारी तैयारियां जारी रहेंगी, इसके बाद उस समय कोविड-19 की स्थिति के आकलन और आईओए से सलाह मशविरे के बाद खेलों के आयोजन को लेकर उचित फैसला किया जा सकता है जिसके लिए क्वालीफाई कर चुकी टीमों का प्रतिनिधित्व का आश्वासन सबसे महत्वपूर्ण होगा।’’
काफी बार विलंब के बाद आईओए ने गोवा में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन की तारीख इस साल 20 अक्टूबर से चार नवंबर तय की है।
गोवा को 36वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी नवंबर 2018 में करनी थी। राज्य सरकार ने हालांकि बाद में प्रतियोगिता की मेजबानी की तारीख पिछले साल 30 मार्च से 14 अप्रैल तय की लेकिन बाद में आम चुनाव के कारण उस समय खेलों के आयोजन में असमर्थता जताई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 28, 2020 05:17 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

