देश की खबरें | संगठनकर्ता आशीष सूद हैं दिल्ली मंत्रिमंडल में पंजाबी चेहरा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में विभिन्न अहम जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए आगे बढ़े दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसु) के पूर्व अध्यक्ष और जनकपुरी के विधायक आशीष सूद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मंत्रिमंडल में प्रमुख पंजाबी चेहरा हैं। इस मंत्रिमंडल ने बृहस्पतिवार को शपथ ली।

नयी दिल्ली, 20 फरवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में विभिन्न अहम जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए आगे बढ़े दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसु) के पूर्व अध्यक्ष और जनकपुरी के विधायक आशीष सूद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मंत्रिमंडल में प्रमुख पंजाबी चेहरा हैं। इस मंत्रिमंडल ने बृहस्पतिवार को शपथ ली।

जनकपुरी से पहली बार विधायक सूद अपने संगठन कौशल के लिए जाने जाते हैं। वह फिलहाल गोवा भाजपा के प्रभारी और पार्टी की जम्मू-कश्मीर इकाई के सह-प्रभारी हैं।

नयी मुख्यमंत्री की भांति, सूद भी दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष हैं। उन्होंने 1989 में छात्रसंघ का चुनाव जीता था और अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) में राष्ट्रीय सचिव समेत विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं।

वह 2003 में भाजपा की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के महासचिव बने और दो साल के भीतर उसके राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बन गये।

दिसंबर 2008 में सूद को दिल्ली प्रदेश भाजपा का सचिव बनाया गया और अगले साल महासचिव बनाया गया। बाद में उन्हें भाजपा की प्रदेश इकाई का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

वह अप्रैल 2012 में तत्कालीन दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में पार्षद चुने गए। उन्होंने इस निगम में सदन के नेता के रूप में कार्य किया।

सूद (58) एक व्यापारी हैं और उनके पास वाणिज्य की डिग्री है। उन्होंने 18000 से अधिक मतों के अंतर से जनकपुरी विधानसभा सीट जीती है।

पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक बताया जाता है कि उन्हें वरिष्ठ नेताओं का विश्वास प्राप्त है और उन्हें पहले भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं।

सूत्रों का कहना है कि आरएसएस के साथ उनके मधुर संबंध हैं।

सूद ने बृहस्पतिवार को अपनी माता सुशीला और पिता मदन गोपाल के नाम पर मंत्री पद की शपथ ली।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\