देश की खबरें | भाजपा की हरियाणा इकाई के ‘कोर ग्रुप’ की बैठक में संगठनात्मक मुद्दों पर हुई चर्चा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हरियाणा इकाई के ‘कोर ग्रुप’ की बैठक बुधवार को पंचकूला में हुई जिसमें संगठनात्मक मुद्दों, आगामी नगर निकाय चुनावों, पार्टी के जारी सदस्यता अभियान और अन्य मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
चंडीगढ़, 20 नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हरियाणा इकाई के ‘कोर ग्रुप’ की बैठक बुधवार को पंचकूला में हुई जिसमें संगठनात्मक मुद्दों, आगामी नगर निकाय चुनावों, पार्टी के जारी सदस्यता अभियान और अन्य मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
भाजपा की हरियाणा इकाई के प्रमुख मोहन लाल बड़ौली की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री एवं करनाल से सांसद मनोहर लाल खट्टर, राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला और किरण चौधरी तथा सतीश पूनिया, सुधा यादव और सौदान सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
बैठक में भाजपा नेताओं ने सरकारी योजनाओं सहित अन्य विषयों पर भी चर्चा की।
भाजपा की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि पंचकूला स्थित हरियाणा भाजपा कार्यालय में कोर ग्रुप की बैठक के बाद यहां मुख्यमंत्री आवास पर पार्टी की जिला इकाई के अध्यक्षों और जिला प्रभारियों की बैठक भी हुई। बयान में कहा गया कि बैठक में सभी कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कोर ग्रुप की बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नगर निकाय चुनाव जल्द ही करवाए जाएंगे। सैनी ने कहा कि निकाय चुनाव के लिए भाजपा कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पार्टी का सदस्यता अभियान चल रहा है।
रोहतक, हिसार, यमुनानगर, गुरुग्राम, करनाल, फरीदाबाद और पानीपत नगर निगमों के चुनाव होने हैं, जबकि नवगठित मानेसर नगर निगम के चुनाव भी इन नगर निगमों के चुनावों के साथ ही करवाए जाने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने सदस्यता अभियान में 50 लाख सदस्य जोड़ने का लक्ष्य रखा है और इसके लिए योजना और रणनीति बना ली गई है।
हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में हरियाणा में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनने पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों का आभार व्यक्त किया तथा इसका श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और अथक प्रयासों को दिया।
सैनी ने कहा कि सरकार विकास कार्यों को और तेज करने के लिए पूरी गति से काम कर रही है तथा इस बारे में बैठक में चर्चा भी हुई।
एक सवाल के जवाब में सैनी ने कहा कि कांग्रेस नेता जाति जनगणना की मांग उठा रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब उन्होंने (कांग्रेस) 55 साल तक देश पर राज किया तो उन्हें ऐसा करने से किसने रोका था। उन्होंने कहा कि जब जनता ने उन्हें नकार दिया तो उन्हें जनता का ध्यान भटकाने के लिए ये बातें याद आईं हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 21, 2024 12:10 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

