देश की खबरें | विपक्षी पार्टी के लोग जानबूझकर जनता को गुमराह कर रहे : गहलोत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी के लोग जानबूझकर जनता को गुमराह कर रहे हैं।
जयपुर, चार अप्रैल राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी के लोग जानबूझकर जनता को गुमराह कर रहे हैं।
गहलोत ने सोमवार को सचिवालय परिसर से राजस्थान पुलिस के 'मोबाइल इन्वेस्टिगेशन यूनिट' वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि ये यूनिट, एक प्रकार से चलते-फिरते थाने की तरह काम करेगी।
कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से बातचीत में करौली घटना की ओर इशारा करते हुए गहलोत ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के हाल में सवाईमाधोपुर के दौरे पर कहा, ‘‘ये आग लगाने के लिए आते हैं, पूरे देश में आग लगा रहे हैं…। आये और .... आग लग गई। ये ऐसा माहौल बना रहे हैं।’’
उल्लेखनीय है कि विपक्षी भाजपा राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को विधानसभा में और बाहर घेरती रही है।
गहलोत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने राज्य में प्राथमिकी दर्ज करना अनिवार्य किया है, तो उससे मामलों की संख्या बढ़ी है, जब मामलों की प्राथमिकी को अनिवार्य किया जायेगा तो संख्या बढ़ेगी। इसे लेकर हमारी अनावश्यक आलोचना हो रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘एनसीआरबी के रिकॉर्ड के अनुसार 2019-20 और 2021 में राजस्थान में अपराध कम हुआ है। अब नया साल चल रहा है लेकिन विपक्षी पार्टी के लोग जानबूझकर जनता को गुमराह कर रहे हैं।’’
गहलोत ने कहा, ‘‘आज सबसे बड़ी जिम्मेदारी अगर किसी की है, तो प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) की है, अमित शाह (केंद्रीय गृह मंत्री) की है, वो देश में शांति स्थापित करने की अपील करें, वो कहें कि हम हिंसा को बर्दाश्त नहीं करेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘केन्द्र में सरकार बनने के बाद एक बार मॉब लिंचिंग के वक्त प्रधानमंत्री के मुंह से निकला था कि यह 'एंटी सोशल एलीमेंट' (असामाजिक तत्व) हैं, पूरे देश ने स्वागत किया था उसका, पर उनकी पार्टी पर दबाव पड़ा होगा आरएसएस का, तो उसके बाद से वो बोले ही नहीं हैं, क्यों नहीं बोले वो?’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 04, 2022 08:37 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

