देश की खबरें | संसद की सुरक्षा में सेंध के मुद्दे पर बृहस्पतिवार सुबह बैठक करेंगे विपक्षी दल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक दल संसद की सुरक्षा में सेंध के विषय पर अपने अगले कदम पर चर्चा के लिए बृहस्पतिवार सुबह बैठक करेंगे।
नयी दिल्ली, 13 दिसंबर विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक दल संसद की सुरक्षा में सेंध के विषय पर अपने अगले कदम पर चर्चा के लिए बृहस्पतिवार सुबह बैठक करेंगे।
विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने के बारे में भी विचार कर रहे हैं।
तृणमूल कांग्रेस के नेता सुदीप बंदोपाध्याय ने कहा कि विपक्षी दल इस मुद्दे पर चर्चा के लिए बृहस्पतिवार सुबह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर बैठक करेंगे।
सूत्रों ने कहा कि विपक्षी नेता सुरक्षा उल्लंघन पर लोकसभा और राज्यसभा दोनों में सरकार से बयान की मांग पर विचार कर रहे हैं तथा वे इस मुद्दे पर राष्ट्रपति मुर्मू से मिलने पर भी विचार कर रहे हैं।
विपक्ष से जुड़े एक सूत्र ने कहा कि बैठक में विपक्षी दल आगे के कदम पर चर्चा करेंगे।
संसद पर आतंकी हमले की बरसी के दिन बुधवार को सुरक्षा में सेंधमारी की बड़ी घटना उस वक्त सामने आई जब लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दर्शक दीर्घा से दो लोग सदन में कूद गए और ‘केन’ के जरिये पीले रंग का धुआं फैला दिया। घटना के तत्काल बाद दोनों को पकड़ लिया गया।
घटना के कुछ देर बाद ही पीले और लाल रंग का धुआं छोड़ने वाली 'केन' लेकर संसद भवन के बाहर प्रदर्शन करने वाले एक पुरुष और एक महिला को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
हक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)