बेंगलुरू, 29 अप्रैल कर्नाटक में विपक्ष के नेता सिद्धरमैया ने लॉकडाउन के कारण श्रमिकों और किसानों को होने वाली समस्याओं पर चर्चा करने के लिए बृहस्पतिवार को सभी विपक्षी दलों और किसान संगठनों की बैठक बुलाई है।
सिद्धरमैया के कार्यालय की ओर से बुधवार को जारी एक बयान में कहा गया कि पूर्व मुख्यमंत्री किसानों, मजदूरों से बातचीत करेंगे और विभिन्न मुद्दों पर सरकार पर दबाव बनाने के लिए उनके सुझाव पूछेंगे।
विधानसभा में सुबह 11 बजे बुलाई गयी बैठक में कांग्रेस, जद (एस), जद (यू), माकपा, भाकपा के नेता और अनेक किसान संगठनों के प्रतिनिधि भाग ले सकते हैं।
सिद्धरमैया ने इन सभी को पत्र लिखकर बैठक में भाग लेने का अनुरोध किया है।
इससे पहले मंगलवार को उन्होंने ऑटो रिक्शा और कैब चालकों, रेहड़ी-पटरी वालों तथा असंगठित क्षेत्र के श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों से बात की थी।
उन्होंने सरकार से इन वर्गों के लिए विशेष पैकेज घोषित करने की मांग की थी जिनकी रोजमर्रा की जिंदगी और आजीविका बंद के कारण प्रभावित हुए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)












QuickLY